केंद्र सरकार ने इबोला संक्रमण पर निगरानी मजबूत करने के लिए पोर्टल शुरू किया

केंद्र सरकार ने इबोला संक्रमण पर निगरानी मजबूत करने के लिए पोर्टल शुरू किया

केंद्र सरकार ने इबोला संक्रमण पर निगरानी मजबूत करने के लिए पोर्टल शुरू किया
Modified Date: June 25, 2026 / 02:58 pm IST
Published Date: June 25, 2026 2:58 pm IST

नयी दिल्ली, 25 जून (भाषा) नागर विमानन मंत्रालय और दिल्ली अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा लिमिटेड ने अफ्रीका के कुछ हिस्सों में इबोला बीमारी के प्रकोप के मद्देनजर भारत में प्रवेश बिंदुओं पर सार्वजनिक स्वास्थ्य निगरानी को मजबूत करने के लिए बृहस्पतिवार को उन्नत और संपर्क रहित यात्री स्वास्थ्य स्व-घोषणा पोर्टल शुरू किया।

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय (डीजीएचएस) के सहयोग से विकसित ‘एयर सुविधा 2.0’ पोर्टल अंतरराष्ट्रीय विमानों से आने वाले यात्रियों को आव्रजन मंजूरी से पहले एक अनिवार्य ऑनलाइन स्वास्थ्य स्व-घोषणा जमा करने की सुविधा देता है।

इसमें यात्रियों को पिछले 21 दिनों की यात्रा का विवरण, संपर्क से जुड़ी जानकारी और अगर कोई लक्षण हों तो उनका विवरण शामिल करना होगा।

स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि यह पोर्टल हवाई अड्डा स्वास्थ्य अधिकारी, आव्रजन ब्यूरो, आईडीएसपी और राज्य निगरानी अधिकारियों के साथ वास्तविक समय में डेटा साझा करने की सुविधा देता है।

बयान के मुताबिक, इस पोर्टल की मदद से जोखिम वाले यात्रियों की जल्द पहचान और उन्हें अलग करना संभव होगा।

‘एयर सुविधा’ स्व-घोषणा फॉर्म (एसडीएफ) भारत पहुंचने से 24 घंटे पहले तक भरा जा सकता है।

बयान में बताया गया, ‘‘यात्रियों से अनुरोध है कि वे विमान में सवार होने से पहले, चेक-इन के दौरान ही फॉर्म भर लें, ताकि आगमन पर प्रक्रिया जल्दी पूरी हो सके। उन्हें केवल डाउनलोड किए गए एसडीएफ को अंतरराष्ट्रीय यात्रा स्वास्थ्य डेस्क या आव्रजन काउंटर पर दिखाना होगा।’’

भाषा जितेंद्र नरेश

नरेश


लेखक के बारे में