हिंदी थोपने के लिए सारी हदें पार कर रही है केंद्र सरकार: स्टालिन
हिंदी थोपने के लिए सारी हदें पार कर रही है केंद्र सरकार: स्टालिन
चेन्नई, चार मार्च (भाषा) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बुधवार को केंद्र की भाजपा सरकार पर हिंदी थोपने के लिए ‘‘सारी हदें पार करने’’ का आरोप लगाया और तिरुचिरापल्ली रेलवे मंडल कार्यालय के प्रवेश द्वार का नाम हिंदी में रखने के कदम की निंदा की।
रेलवे मंडल कार्यालय (तिरुचिरापल्ली) के प्रवेश द्वार को हाल ही में ‘कर्तव्य द्वार’ नाम दिया गया, जिससे राज्य में भाषा थोपने को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया है।
इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि केंद्र की भाजपा सरकार ने ‘‘एक भाषा, तीन लिपियों’’ को बढ़ावा देने के बहाने तमिल और अंग्रेजी में हिंदी नाम लिखने की आड़ में हिंदी थोपना शुरू कर दिया है।
स्टालिन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘उन्होंने रेलवे के तिरुचिरापल्ली डिवीजन कार्यालय के प्रवेश द्वार पर ‘कर्तव्य द्वार’ लिखा है। तमिल और अंग्रेजी नामों पर हिंदी थोपने का प्रयास छोड़ दिया जाना चाहिए और उचित तमिल नामों को तुरंत शामिल किया जाना चाहिए।’’
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को तमिलों की नाराजगी का सामना करना पड़ेगा।
भाषा हक हक शफीक
शफीक

Facebook


