विमान को गिराने की साजिश के पीछे ईरान का हाथ होने का ट्रंप का दावा, संदिग्ध को यूएई को सौंपा गया
विमान को गिराने की साजिश के पीछे ईरान का हाथ होने का ट्रंप का दावा, संदिग्ध को यूएई को सौंपा गया
यरुशलम, एक अक्टूबर (एपी) सऊदी अरब ने बृहस्पतिवार को कहा कि फ्लाईदुबई विमान पर हमले के संदिग्ध को संयुक्त अरब अमीरात को सौंप दिया गया है। इस बीच, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि इस घटना का ईरान से संबंध हो सकता है।
व्हाइट हाउस में बृहस्पतिवार को संवाददाताओं ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्हें हमले के पीछे रहे सह-पायलट और तेहरान के बीच किसी संबंध के बारे में जानकारी दी गई है।उन्होंने कहा, ‘‘हम इस पर अभी काम कर रहे हैं।’’
ट्रंप ने कहा, ‘‘मैं जो सुन रहा हूं, उसके आधार पर कहूंगा कि जवाब हां है, लेकिन हम इस पर अभी काम कर रहे हैं।’’
उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
यह पूछे जाने पर कि यदि हमले के पीछे ईरान का हाथ पाया गया तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा, ट्रंप ने कहा, ‘‘हां, उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चिंता मत कीजिए।’’
उन्होंने कहा, ‘‘आप उनसे ही पूछिए। वे जानते हैं कि क्या हुआ। उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।’’
संयुक्त अरब अमीरात से तेल अवीव जा रहे 174 यात्रियों वाले विमान में सवार इजराइली यात्रियों ने बताया कि खून से लथपथ भारतीय कैप्टन ने कॉकपिट का दरवाजा खोला जिसके बाद वे अंदर गए। कॉकपिट के अंदर यात्रियों ने सह-पायलट से हाथापाई कर उसे काबू किया और विमान को स्थिर करने में मदद की। विमान इतनी तेजी से नीचे आया था कि उसका रडर भी क्षतिग्रस्त होकर अलग हो गया।
घटना के दौरान मदद करने वाले यात्रियों में शामिल आसफ राजुआन ने इजराइल के राष्ट्रपति कार्यालय की ओर से साझा किए गए एक नए बयान में कहा, ‘‘हम खुद को असहाय महसूस कर रहे थे, हवा में लटके हुए थे और मुझे नहीं पता था कि किस ओर रुख करूं। लेकिन यह सब जीवित रहने की सहज प्रवृत्ति थी।’’
जांच से अवगत एक क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि संदिग्ध ओमान का नागरिक है और हिरासत में है। उन्होंने कहा कि सऊदी अरब के अधिकारी इजराइल समेत कई देशों के साथ मिलकर हमले का मकसद पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारी के अनुसार संयुक्त अरब अमीरात, अमेरिका और ओमान भी जांच में शामिल हैं।
गोपनीयता की शर्त पर बात करने वाले अधिकारी ने इजराइल की जांच में भागीदारी का विस्तृत ब्यौरा नहीं दिया। उन्होंने कहा, ‘‘आतंकवाद से लेकर मानसिक विकार तक सभी संभावित परिस्थितियों की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी संभावना को खारिज नहीं किया गया है।’’
एक अन्य क्षेत्रीय अधिकारी ने बताया कि इजराइली खुफिया और सुरक्षा अधिकारी सऊदी अरब में सह-पायलट से पूछताछ की प्रक्रिया में शामिल होंगे। अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी क्योंकि उन्हें मीडिया से बात करने की अनुमति नहीं थी।
सऊदी अरब के इजराइल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं, लेकिन दोनों देशों के बीच वैकल्पिक माध्यमों से लंबे समय से सुरक्षा और खुफिया सहयोग होता रहा है।
विमान में मौजूद दंत चिकित्सक शोटा मुसायेव ने घटना का वीडियो बनाया था। वीडियो में सह-पायलट घुटनों के बल बैठा और उसके हाथ पीछे बंधे हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, सह-पायलट का नाम अब तक सार्वजनिक नहीं किया गया है।
संयुक्त अरब अमीरात सरकार ने कहा कि उसकी जांच टीम ने घटना के मकसद और ‘‘क्या इसका किसी आतंकवादी उद्देश्य से संबंध था’’ समेत विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। सरकार ने कहा कि विमान में किए गए अपराधों पर यूएई का कानून लागू होता है।
भारतीय दूतावास ने बुधवार देर रात बताया कि उड़ान के नायकों में शामिल भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की हालत स्थिर बताई गई है। सह-पायलट की हालत के बारे में तत्काल जानकारी उपलब्ध नहीं थी।
यह पूछे जाने पर कि क्या घटना में ईरान की संलिप्तता का कोई संकेत है, इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ‘फॉक्स न्यूज’ से कहा कि ‘‘यह कहना अभी जल्दबाजी होगी।’’
उन्होंने सीएनएन से कहा कि इजराइल को घटना के संबंध में कोई विशेष चेतावनी नहीं मिली थी।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने नेतन्याहू से फोन पर घटना को लेकर ‘‘विस्तार से’’ बात की। उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि सह-पायलट ‘‘शायद आतंकवादी था या शायद मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति।’’
नेतन्याहू ने बताया कि उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बात की और वह इस बात पर सहमत हुए कि इजराइल संदिग्ध से पूछताछ में शामिल होगा।
नेतन्याहू ने हाल के दिनों में बढ़े हुए सुरक्षा संबंधी खतरों को लेकर चेतावनी दी थी। इजराइल में हमास के नेतृत्व में सात अक्टूबर, 2023 को हमला हुआ था जिसके बाद गाजा में युद्ध शुरू हुआ था।
इजराइली विदेश मंत्रालय ने बताया कि विमान में इजराइल, भारत और यूएई के नागरिक सवार थे। अमेरिकी विदेश विभाग के अनुसार चार यात्रियों के पास अमेरिकी नागरिकता थी।
फ्लाईदुबई ने कहा है कि इजराइल से आने-जाने वाली उसकी उड़ानें निलंबित रहेंगी।
दुबई से उड़ान भरने के करीब ढाई घंटे बाद घटनाक्रम तेजी से बदला। फ्लाइटरडार24 के अनुसार, विमान करीब एक मिनट में 33,000 फुट से 17,000 फुट की ऊंचाई पर आ गया। इसके बाद उसने जॉर्डन की सीमा के पास अनियमित चक्कर लगाया और करीब एक घंटे बाद तबुक में उतरा। फ्लाइटरडार24 ने विमान की पहचान बोइंग 737 मैक्स 8 के रूप में की।
न्यूजीलैंड के उस उड़ान प्रशिक्षण संस्थान के प्रमुख फिलिप कीन ने, जहां भारतीय कैप्टन ने प्रशिक्षण लिया था, विमान के सुरक्षित उतरने को ‘‘चमत्कार’’ बताया।
उन्होंने कहा कि विमान को इस तरह की तेज गिरावट के लिए कभी डिजाइन नहीं किया गया था और इसके बावजूद उसका पूरी तरह नष्ट नहीं होना असाधारण है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने भी अमेरिका की बोइंग कंपनी की प्रशंसा करते हुए कहा कि विमान ‘‘उसकी डिजाइन क्षमता से कहीं अधिक गुरुत्व बल और दबाव’’ सहने में सक्षम रहा।
विमान के लिए सुरक्षित लैंडिंग स्थल तलाशे जाने के दौरान हवाई यातायात नियंत्रण से हुई बातचीत सुनने वाले एक व्यक्ति ने नाम जाहिर न करने के अनुरोध पर बताया कि सऊदी अरब और जॉर्डन की ओर से विमान को मोड़ दिया गया था, जिसके बाद वह अंततः तबुक में उतरा। उस दौरान पृष्ठभूमि में यात्रियों की चीखें सुनाई दे रही थीं।
उस व्यक्ति के अनुसार पायलट की आवाज कांप रही थी। उसने ‘‘मेडे’’ (आपात संदेश) संदेश भेजते हुए कहा था कि विमान का अपहरण किया जा रहा है।
हवाई यातायात नियंत्रण अधिकारियों ने विमान को कथित तौर पर वापस भेजे जाने का कोई कारण नहीं बताया।
एपी
राखी सुरेश
सुरेश
लेखक के बारे में
Web Title: विमान को गिराने की साजिश के पीछे ईरान का हाथ होने का ट्रंप का दावा, संदिग्ध को यूएई को सौंपा गया
दुनिया की खबर | World News in Hindi
और भी पढ़ें ›इस्लामाबाद में एससीओ बैठक में भारत की भागीदारी ‘स्वागत योग्य कदम’ : पाकिस्तान
02 Oct 2026 | 1:10 amगोयल ने ब्रिटेन और ऑस्ट्रेलिया के व्यापार मंत्रियों से मुलाकात की
02 Oct 2026 | 12:57 amनेपाल में जाली भारतीय नोट बरामद, दो भारतीय नागरिक गिरफ्तार
02 Oct 2026 | 12:50 amफ्लाईदुबई के सह-पायलट के पीछे ईरान का हाथ होने का संकेत, ट्रंप ने दी कड़ी कार्रवाई की चेतावनी
02 Oct 2026 | 12:17 amपाक सेना ने अपने विशिष्ट बल के एक सेवानिवृत्त हवलदार के मारे जाने के दावों को खारिज किया
01 Oct 2026 | 11:59 pmइंग्लैंड में अमेरिका से संबंधित एयरबेस की घटना के बाद ब्रिटिश-ईरानी नागरिक गिरफ्तार
01 Oct 2026 | 11:01 pmकैप्टन मच्छार से मिलकर ‘बहुत तसल्ली’ हुई : यूएई में भारतीय राजदूत दीपक मित्तल
01 Oct 2026 | 10:27 pmभारत में स्कूलों की एआई नीति में शिक्षकों की अधिक प्रभावी भूमिका होनी चाहिए : रिपोर्ट
01 Oct 2026 | 10:20 pm