केंद्र शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रहा : कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष

केंद्र शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रहा : कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष

केंद्र शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचा रहा : कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष
Modified Date: July 19, 2026 / 06:27 pm IST
Published Date: July 19, 2026 6:27 pm IST

बेंगलुरु, 19 जुलाई (भाषा) कांग्रेस की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी के हरिप्रसाद ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार पर बार-बार हो रहे प्रश्नपत्र लीक के जरिए देश की शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता को नुकसान पहुंचाने का रविवार को आरोप लगाया। उन्होंने ऐसे सभी मामलों की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि छात्रों का भरोसा बहाल करने के लिए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के ‘‘छात्रों की गूंज’’ अभियान को पूरे कर्नाटक में चलाया जाएगा।

हरिप्रसाद ने संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने के कारण करीब 23 लाख नीट अभ्यर्थियों का भविष्य अनिश्चितता में पड़ गया। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्र सरकार इन सवालों का जवाब नहीं देती, कांग्रेस इस मुद्दे पर कर्नाटक और संसद, दोनों जगह अपना आंदोलन जारी रखेगी।

कांग्रेस के विधान परिषद सदस्य ने कहा कि देशभर के छात्र उनके साथ हो रहे अन्याय को लेकर चिंता और असमंजस की स्थिति में जी रहे हैं।

हरिप्रसाद ने कहा कि छात्रों की चिंताओं को दूर करने और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए राहुल गांधी ने हाल में राजस्थान के कोटा में ‘‘छात्रों की गूंज’’ अभियान की शुरुआत की थी। उन्होंने बताया कि यह पहल छात्रों की लगातार हो रही मौत की घटनाओं के बाद शुरू की गई।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने गांधी से कर्नाटक का दौरा कर छात्रों से संवाद करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि इस अभियान को पूरे राज्य में चलाया जाएगा।

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि 2014 से 2026 के बीच प्रश्नपत्र लीक की 152 घटनाएं हुई हैं। उन्होंने दावा किया कि इन घटनाओं ने छात्रों का परीक्षा प्रणाली से विश्वास तोड़ दिया है। उन्होंने इन मामलों में हुई जांच, अभियोजन और दोषसिद्धि को लेकर नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार से जवाब मांगा।

भाषा आशीष दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में