महिला आरक्षण विधेयक की हार के खिलाफ राजग की रैली में शामिल हुए चंद्रबाबू नायडू
महिला आरक्षण विधेयक की हार के खिलाफ राजग की रैली में शामिल हुए चंद्रबाबू नायडू
निदडवोलू, 18 अप्रैल (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने शनिवार को पूर्वी गोदावरी जिले में यहां राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की एक रैली में हिस्सा लिया, जिसमें लोकसभा में महिला आरक्षण विधेयक की हार के खिलाफ विरोध जताया गया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की आंध्र प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पीवीएन माधव भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद थे। इस रैली में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), जनसेना और भाजपा के अन्य राजग नेता भी शामिल हुए।
नायडू ने इससे पहले विपक्षी कांग्रेस पर इस विधेयक के खिलाफ मतदान करने को लेकर निशाना साधा था।
लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण 2029 के संसदीय चुनावों से लागू करने से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक शुक्रवार को संसद के निचले सदन में पारित नहीं हो पाया।
सदन में ‘संविधान (131वां) संशोधन विधेयक 2026’, पर हुए मत विभाजन के दौरान इसके पक्ष में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े।
लोकसभा में संविधान संशोधन विधेयक को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की जरूरत होती है।
विधेयक पर मत विभाजन में 528 सदस्यों ने हिस्सा लिया। इस विधेयक को पारित करने के लिए 352 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता थी।
भाषा रवि कांत सुरेश
सुरेश

Facebook


