चंद्रशेखर ने केरलम में रेलवे पर ‘‘पर्याप्त निवेश नहीं करने’’ को लेकर संप्रग सरकार की आलोचना की

चंद्रशेखर ने केरलम में रेलवे पर ‘‘पर्याप्त निवेश नहीं करने’’ को लेकर संप्रग सरकार की आलोचना की

चंद्रशेखर ने केरलम में रेलवे पर ‘‘पर्याप्त निवेश नहीं करने’’ को लेकर संप्रग सरकार की आलोचना की
Modified Date: September 22, 2026 / 01:13 pm IST
Published Date: September 22, 2026 1:13 pm IST

(फाइल फोटो के साथ जारी)

तिरुवनंतपुरम, 22 सितंबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरलम इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने केंद्र की तत्कालीन कांग्रेस नीत संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार की मंगलवार को आलोचना करते हुए कहा कि उस दौरान राज्य से आठ केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद केरलम में रेलवे पर पर्याप्त निवेश नहीं किया गया।

चंद्रशेखर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के समर्थन वाली संप्रग सरकार के कार्यकाल में 2014 में केरलम को रेलवे के विकास के लिए केवल 372 करोड़ रुपये मिले थे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के तहत वित्त वर्ष 2026-27 में केरलम में रेलवे पर निवेश बढ़कर 3,795 करोड़ रुपये हो गया जबकि राज्य से भाजपा का केवल एक सांसद है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह 10 गुना वृद्धि है।’’ चंद्रशेखर ने कहा कि दक्षिणी राज्य में फिलहाल 20,000 करोड़ रुपये से अधिक की रेलवे परियोजनाओं पर काम जारी है।

उन्होंने कहा, ‘‘मोदी जी केवल विकास का वादा नहीं करते बल्कि उसे पूरा भी करते हैं।’’

चंद्रशेखर ने कांग्रेस और माकपा पर ‘‘वोट बैंक की राजनीति’’ जारी रखने का भी आरोप लगाया और दावा किया कि भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार सभी मलयालियों के हितों की रक्षा करते हुए विकास कर रही है।

उनकी यह टिप्पणी केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के उस बयान के एक दिन बाद आई है जिसमें उन्होंने कहा था कि केरलम में रेल नेटवर्क के विकास के लिए आवंटित राशि 2014 के 372 करोड़ रुपये से 10 गुना बढ़कर वित्त वर्ष 2026-27 में 3,795 करोड़ रुपये हो गई है।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि धन आवंटन में यह वृद्धि दर्शाती है कि केरलम में रेल नेटवर्क के विकास के लिए स्पष्ट रूपरेखा तैयार है।

भाषा

सिम्मी मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में