ग्रेनेड हमला मामले में पाकिस्तानी गैंगस्टर समेत दो लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
ग्रेनेड हमला मामले में पाकिस्तानी गैंगस्टर समेत दो लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल
नयी दिल्ली, दो अप्रैल (भाषा) राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) ने जालंधर में पिछले साल यूट्यूबर रोजर संधू के घर पर हुए ग्रेनेड हमले के सिलसिले में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी समेत दो आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया है कि एनआईए ने पिछले दिसंबर में पंजाब पुलिस से इस मामले को अपने हाथ में लिया था। केंद्रीय एजेंसी ने एक विशेष अदालत के समक्ष दाखिल पूरक आरोप पत्र में शहजाद को भगोड़ा घोषित किया है।
आरोपपत्र में नामित दूसरा आरोपी दीपंदर प्रताप सिंह उर्फ दीपान राणा है, जिसे इस मामले में गिरफ्तार किया जा चुका है।
पंजाब पुलिस ने पिछले साल मार्च में मामला दर्ज किया था और अपनी जांच के आधार पर पहले ही नौ लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था।
जालंधर जिले के रायपुर रसूलपुर गांव में संधू के घर पर ग्रेनेड हमला 16 मार्च, 2025 की सुबह किया गया था।
एनआईए की जांच से पता चला है कि शहजाद ने विदेश से इस हमले की योजना बनाई थी, जो एक व्यापक आतंकी साजिश का हिस्सा था। इस साजिश में आतंकी मॉड्यूल का एक बड़ा नेटवर्क शामिल था जो लक्षित हत्याओं, भर्ती और भारत में हथियारों और गोला-बारूद की तस्करी में लिप्त था।
भाषा प्रशांत अमित
अमित

Facebook


