चेन्नीथला के हस्तक्षेप से एसआई रैंक सूची के 43 उम्मीदवारों की नियुक्ति का रास्ता साफ
चेन्नीथला के हस्तक्षेप से एसआई रैंक सूची के 43 उम्मीदवारों की नियुक्ति का रास्ता साफ
तिरुवनंतपुरम, 30 मई (भाषा) केरल के गृह मंत्री रमेश चेन्नीथला ने उपनिरीक्षक (एसआई) रैंक सूची में शामिल 43 उम्मीदवारों की नियुक्ति का मार्ग प्रशस्त करने के लिए हस्तक्षेप किया है। इस सूची की वैधता नौ जून को समाप्त होने वाली है।
शनिवार को जारी एक बयान के अनुसार, मंत्री ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) को तत्काल कदम उठाने का निर्देश दिया, ताकि रैंक सूची की वैधता समाप्त होने के कारण उम्मीदवार नियुक्ति के अवसर से वंचित न रह जाएं।
केरल लोक सेवा आयोग (पीएससी) द्वारा आयोजित उपनिरीक्षक परीक्षा की रैंक सूची नौ जून, 2025 को प्रकाशित की गई थी और इसकी वैधता नौ जून, 2026 को समाप्त होने वाली है।
विज्ञप्ति के अनुसार, सरकार ने कुछ पीएससी रैंक सूचियों की वैधता बढ़ाई थी, लेकिन इन उम्मीदवारों को उसका लाभ नहीं मिला था। इससे उनके नियुक्ति का अवसर खोने की आशंका पैदा हो गई थी।
इसके बाद प्रभावित उम्मीदवारों ने चेन्नीथला से संपर्क किया और उन्हें अपनी स्थिति से अवगत कराया।
चेन्नीथला ने उनकी परेशानी जानने के बाद संबंधित अधिकारियों से तत्काल कार्रवाई करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि पात्र उम्मीदवार रोजगार के अवसरों से वंचित न रहें।
विज्ञप्ति के अनुसार, इस हस्तक्षेप से अब उपनिरीक्षक पद पर 43 उम्मीदवारों की नियुक्ति का रास्ता साफ हो गया है।
भाषा
सिम्मी दिलीप
दिलीप

Facebook


