छत्तीसगढ़: सरगुजा में उफनती पुलिया पार करते समय केरलम का युवक डूबा, दोस्त बचाई गई

Ads

छत्तीसगढ़: सरगुजा में उफनती पुलिया पार करते समय केरलम का युवक डूबा, दोस्त बचाई गई

  •  
  • Publish Date - August 30, 2026 / 03:54 PM IST,
    Updated On - August 30, 2026 / 03:54 PM IST

अंबिकापुर (छत्तीसगढ़), 30 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में मोटरसाइकिल से उफनती पुलिया पार करते समय बह जाने से केरलम के एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, मोटरसाइकिल पर पीछे बैठी उसकी 22 वर्षीय महिला मित्र भी शनिवार को हुई इस घटना के दौरान नदी में गिर गई थी, लेकिन स्थानीय लोगों ने उसे बचा लिया।

केरलम के रहने वाले दोनों लोग शुक्रवार को सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर पहुंचे थे। शनिवार को वे मोटरसाइकिल से मैनपाट गए थे। कमलेश्वरपुर थाना प्रभारी मनोज प्रजापति ने बताया कि लौटते समय घुंघटा पुलिया पार करने के दौरान अचानक मोटरसाइकिल का पहिया फिसल गया, जिससे तेज बहाव के बीच दोनों नदी में गिर गए।

उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने महिला को बचा लिया, जबकि युवक येदु कृष्णन (23) तेज धार में बह गया।

पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की टीम ने इसके बाद तलाश अभियान शुरू किया। अधिकारी ने बताया कि एसडीआरएफ ने रविवार सुबह करीब साढ़े 10 बजे घटनास्थल से लगभग एक किलोमीटर दूर युवक का शव बरामद किया।

अधिकारियों के अनुसार, महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बेंगलुरु में नर्सिंग की पढ़ाई कर रहा कृष्णन अपनी महिला मित्र से मिलने आया था, जो रायपुर के एक संस्थान में पढ़ाई करती है। प्रजापति ने बताया कि महिला मित्र के बारे में जानकारी साझा नहीं की गई है।

पुलिस ने बताया कि कृष्णन के केरलम में रहने वाले परिवार को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके रविवार शाम तक यहां पहुंचने की उम्मीद है।

भाषा शोभना रंजन

रंजन