रिश्वतखोरी मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम को गुवाहाटी में हिरासत में लिया गया

रिश्वतखोरी मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम को गुवाहाटी में हिरासत में लिया गया

रिश्वतखोरी मामले में छत्तीसगढ़ पुलिस की टीम को गुवाहाटी में हिरासत में लिया गया
Modified Date: April 29, 2026 / 02:14 pm IST
Published Date: April 29, 2026 2:14 pm IST

गुवाहाटी, 29 अप्रैल (भाषा) गुवाहाटी पुलिस ने छत्तीसगढ़ पुलिस की चार सदस्यीय टीम को हिरासत में ले लिया जिस पर साइबर अपराध के तीन आरोपियों से रिश्वत लेने का आरोप है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

साइबर अपराध के तीन आरोपियों को असम से गिरफ्तार किया गया था। छत्तीसगढ़ पुलिस की इस टीम में एक निरीक्षक सहित चार कर्मी शामिल हैं।

पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि दिसपुर थाने में रायपुर पुलिस के चार कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया और उन्हें पूछताछ के लिए मंगलवार रात हिरासत में लिया गया।

उन्होंने कहा, ‘‘रायपुर पुलिस की टीम छत्तीसगढ़ में हुए एक साइबर अपराध के सिलसिले में रविवार को गुवाहाटी पहुंची। उसने बिहार से एक आरोपी को गिरफ्तार किया और बिहार निवासी तीन अन्य आरोपियों को सोमवार को गुवाहाटी से पकड़ा।’’

अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ की टीम ने कथित तौर पर रिश्वत लेकर दो आरोपियों को रिहा कर दिया और तीसरे को मांगी गई रकम के भुगतान तक हिरासत में रखा।

उन्होंने कहा, ‘‘हमें रिहा किए गए दोनों आरोपियों से इस मामले में शिकायत मिली थी, जिसके बाद हमने कार्रवाई की और एक अभियान चलाया। पूरी टीम को कल रात पकड़कर दिसपुर थाने लाया गया।’’

पुलिस ने बताया कि जमानती धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई और शुरुआती पूछताछ के बाद टीम को नोटिस देकर थाने से जाने की अनुमति दी गई।

वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘हमने उन्हें नोटिस जारी किया और अग्रिम कार्रवाई के लिए उन्हें आज फिर पेश होने के लिए कहा है।’’

उन्होंने यह भी बताया कि छत्तीसगढ़ के साइबर अपराध मामले में एकमात्र आरोपी को ‘पीआर बॉन्ड’ के तहत रिहा कर दिया गया है। ‘पीआर बॉन्ड’ यानी व्यक्तिगत जमानत आरोपी की अस्थायी रिहाई का एक तरीका है।

सूत्रों के अनुसार, टीम पहले ही दिसपुर थाने पहुंच चुकी है और उससे पूछताछ जारी है।

भाषा यासिर अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में