रेस्तरां में परोसे और रखे जाने वाले चिकन का निर्धारित मानकों के अनुसार रखरखाव : केएफसी
रेस्तरां में परोसे और रखे जाने वाले चिकन का निर्धारित मानकों के अनुसार रखरखाव : केएफसी
बेंगलुरु (कर्नाटक), 17 अगस्त (भाषा) बहुराष्ट्रीय फास्ट फूड रेस्तरां श्रृंखला केएफसी ने सोमवार को कहा कि मंगलुरु स्थित उसके एक रेस्तरां में हालिया ग्राहक शिकायत और उसके बाद खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा किए गए निरीक्षण को लेकर प्रसारित हो रही जानकारी ‘‘सच्चे तथ्यों को नहीं दर्शाती’’ है। कंपनी ने दावा किया कि उसके रेस्तरां में परोसे और रखे जाने वाले चिकन का रखरखाव निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाता है।
यह स्पष्टीकरण स्वास्थ्य मंत्री यू. टी. खादर के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों द्वारा केएफसी के एक रेस्तरां का निरीक्षण किए जाने के बाद आया। एक ग्राहक ने आरोप लगाया था कि वहां बासी चिकन परोसा जा रहा है।
केएफसी ने एक बयान में कहा कि एक जिम्मेदार ब्रांड के तौर पर वह खाद्य सुरक्षा, गुणवत्ता और स्वच्छता के उच्च मानकों को बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। कंपनी ने कहा कि प्रसारित हो रही जानकारी ‘‘सच्चे तथ्यों को नहीं दर्शाती।’’
उसने कहा, ‘‘हम देशभर में प्रतिष्ठित आपूर्तिकर्ताओं से उच्च गुणवत्ता वाला चिकन लेते हैं और ग्राहकों को गुणवत्तापूर्ण भोजन परोसने के लिए एफएसएसएआई के दिशानिर्देशों के साथ-साथ कुछ वैश्विक गुणवत्ता मानकों का भी पालन करते हैं।’’
केएफसी ने भरोसा दिलाया कि निर्धारित मानकों के अनुसार चिकन को रखा और परोसा जाता है तथा उसे हर दिन रेस्तरां में ही तैयार किया जाता है। कंपनी ने कहा कि आपूर्तिकर्ता के फार्म से लेकर उपभोक्ता की प्लेट तक चिकन का प्रत्येक टुकड़ा कई कड़े गुणवत्ता और सुरक्षा जांच से गुजरता है।
कंपनी ने कहा, ‘‘हम संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और लागू कानूनी एवं नियामकीय आवश्यकताओं के अनुसार मामले की समीक्षा कर रहे हैं। जो भी ग्राहक केएफसी की रसोई की सख्त प्रक्रियाओं और सुरक्षा प्रोटोकॉल के बारे में अधिक जानना चाहता है, वह रसोई का दौरा करने के लिए रेस्तरां प्रबंधक से संपर्क कर सकता है।’’
अधिकारियों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान चिकन के नमूने लिये गए और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। रेस्तरां को चिकन का मौजूदा भंडार हटाने और कोल्ड स्टोरेज क्षेत्र की सफाई करने का निर्देश भी दिया गया।
भाषा अमित अविनाश
अविनाश

Facebook


