भोगपुरम हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू, मुख्यमंत्री नायडू ने लोगों को बधाई दी

भोगपुरम हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू, मुख्यमंत्री नायडू ने लोगों को बधाई दी

भोगपुरम हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू, मुख्यमंत्री नायडू ने लोगों को बधाई दी
Modified Date: August 17, 2026 / 03:57 pm IST
Published Date: August 17, 2026 3:57 pm IST

विजयनगरम (आंध्र प्रदेश), 17 अगस्त (भाषा) आंध्र प्रदेश के भोगपुरम स्थित अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सोमवार को वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं शुरू हो गईं। पहली वाणिज्यिक उड़ान हैदराबाद से इंडिगो की थी, जो हवाई अड्डे पर पहुंची।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक अगस्त को इस हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था।

केंद्रीय नागर विमानन मंत्री किंजरापु राममोहन नायडू ने सोमवार को हवाई अड्डे पर पहली वाणिज्यिक उड़ान सेवा को हरी झंडी दिखाई और यात्रियों को बोर्डिंग पास सौंपे। इसके साथ ही इस नए अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर उड़ान सेवाएं शुरू हो गयीं।

राममोहन नायडू ने एक संदेश में कहा, ‘‘अल्लूरी सीताराम राजू अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर वाणिज्यिक उड़ान सेवाओं की शुरुआत बेहद खुशी और गर्व का विषय है। यह उत्तर आंध्र प्रदेश के लिए एक नए अध्याय की शुरुआत है और यह क्षेत्र के लिए नए अवसरों के द्वार खोलेगा।”

आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हवाई अड्डे पर कामकाज शुरू होने को राज्य के लिए एक ऐतिहासिक अध्याय बताया।

पहली इंडिगो उड़ान हैदराबाद से भोगपुरम पहुंची, जिसके बाद एअर इंडिया एक्सप्रेस की एक उड़ान बेंगलुरु से यहां पहुंची। हैदराबाद से आई पहली उड़ान ने अपनी वापसी की यात्रा में तेलंगाना की राजधानी के लिए उड़ान भरी, जो भोगपुरम से रवाना होने वाली पहली उड़ान थी।

मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जिस तरह भोगपुरम से विमान उड़ान भर रहे हैं, उसी तरह हमारे युवाओं की आकांक्षाएं, सपने और भविष्य भी नयी ऊंचाइयों की ओर उड़ान भरेंगे और उनके लिए नए अवसरों के द्वार खुलेंगे।’’

केंद्रीय मंत्री नायडू के अनुसार, हवाई अड्डे पर पहुंचे यात्रियों ने इसके बुनियादी ढांचे, वास्तुकला और सुविधाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह हवाई अड्डा केवल एक इमारत के रूप में नहीं, बल्कि क्षेत्र के इतिहास, विरासत और संस्कृति के प्रतीक के रूप में बनाया गया है।

विशाखापत्तनम हवाई अड्डे का उल्लेख करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह उन लोगों की भावनाओं को समझते हैं, जो वहां नियमित वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं बंद होने से दुखी हैं।

उन्होंने बताया कि विशाखापत्तनम हवाई अड्डे के बुनियादी ढांचे का इस्तेमाल अब सामान्य वायुयान चालन के तहत निजी उड़ानों के लिए किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि भोगपुरम हवाई अड्डे तक पहुंच के लिए बुनियादी ढांचे और कनेक्टिविटी को भी मजबूत किया जा रहा है। कई सड़कों को चौड़ा किया जा रहा है और सोंत्यम रोड समेत सात प्रमुख सड़क परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है।

विशाखापत्तनम हवाई अड्डे पर निर्धारित वाणिज्यिक उड़ान सेवाएं 16 अगस्त को बंद हो गईं। वहां से आखिरी उड़ान इंडिगो की 6ई 2018 थी, जिसने रात 10 बजकर 45 मिनट पर दिल्ली के लिए उड़ान भरी।

आंध्र प्रदेश सरकार 5,700 करोड़ रुपये की लागत से जीएमआर समूह द्वारा विकसित भोगपुरम हवाई अड्डे को महज एक बुनियादी ढांचा परियोजना के रूप में नहीं, बल्कि पूरे उत्तर आंध्र क्षेत्र के कायाकल्प में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली परिसंपत्ति के रूप में देखती है।

इसे औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन, निर्यात, कौशल विकास और अनुसंधान को बढ़ावा देने वाले उत्प्रेरक के रूप में परिकल्पित किया गया है।

भाषा

गोला अविनाश

अविनाश

अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में