मुख्यमंत्री माझी ने संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए टीम के रूप में काम करने का आह्वान किया
मुख्यमंत्री माझी ने संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए टीम के रूप में काम करने का आह्वान किया
भुवनेश्वर, 14 मई (भाषा) ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने बृहस्पतिवार को नागरिक और पुलिस अधिकारियों से राज्य भर में संगठित अपराधों पर अंकुश लगाने, अपराधियों में भय पैदा करने और लोगों का विश्वास जीतने के लिए एक टीम के रूप में काम करने का आह्वान किया।
माझी ने एक व्यक्ति की भीड़ द्वारा पीटकर हत्या करने और मयूरभंज जिले में दो लोगों की हत्या करने के आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ एक व्यक्ति की हत्या जैसी लगातार हुई घटनाओं के मद्देनजर प्रभावित हुई कानून-व्यवस्था की स्थिति की समीक्षा करते हुए ये निर्देश जारी किए।
कानून-व्यवस्था की स्थिति पर मुख्यमंत्री की यह सात दिनों के भीतर दूसरी समीक्षा बैठक थी।
मुख्य सचिव अनु गर्ग ने समीक्षा बैठक में भाग लेने के बाद पत्रकारों को बताया, ‘‘मुख्यमंत्री ने एक जिले के कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक तथा क्षेत्र के राजस्व मंडल आयुक्त (आरडीसी) और डीआईजी को बेहतर परिणामों के लिए एक टीम के रूप में काम करने को कहा है।’’
गर्ग ने कहा कि नागरिक प्रशासन और पुलिस दोनों के समन्वित प्रयासों से संगठित और अन्य अपराधों को रोकने में मदद मिलेगी।
गर्ग के अलावा, सभी शीर्ष पुलिस अधिकारी, आरडीसी, जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
भाषा शफीक माधव
माधव

Facebook


