मुख्यमंत्री पटेल ने अंबाजी कॉरिडोर की आधारशिला रखी, कहा- इससे श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलेंगी
मुख्यमंत्री पटेल ने अंबाजी कॉरिडोर की आधारशिला रखी, कहा- इससे श्रद्धालुओं को सुविधाएं मिलेंगी
अंबाजी, सात फरवरी (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने शनिवार को बनासकांठा जिले के अंबाजी में ‘शक्ति कॉरिडोर’ के पहले चरण के लिए 950 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की आधारशिला रखी और कहा कि इससे तीर्थयात्रियों को विभिन्न सुविधाएं मिलेंगी।
इस शहर में स्थित श्री अरासुरी अंबाजी माता मंदिर देश भर के 51 ‘शक्तिपीठों’ में से एक है। लाखों श्रद्धालु हर साल इस मंदिर में दर्शन करने आते हैं।
पटेल ने बताया कि यह विकास कार्य राज्य की 1,632 करोड़ रुपये की नगर विकास योजना का हिस्सा है, जिसे अगले 25 वर्षों में तीर्थयात्रियों और पर्यटकों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘विकास भी, विरासत भी’ के नारे के साथ देश के तीर्थ स्थलों के जीर्णोद्धार को बढ़ावा दे रहे हैं।
एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि अंबाजी कॉरिडोर के पहले चरण में शामिल 950 करोड़ रुपये की परियोजनाओं से आने वाले दिनों में तीर्थयात्रियों को कई सुविधाएं मिलेंगी, जिनमें बहुस्तरीय पार्किंग, एक ‘दिव्य दर्शन चौक’, एक एम्फीथिएटर और एक ‘लाइट एंड साउंड’ शो शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण और पावागढ़ (गुजरात के पंचमहल जिले में) में 500 वर्षों बाद ध्वजारोहण जैसी उपलब्धियां भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हासिल की गई हैं।
उन्होंने बताया कि अंबाजी में प्रतिवर्ष ‘शक्ति पीठ परिक्रमा महोत्सव’ का आयोजन भी किया जा रहा है।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने मंदिर में पूजा-अर्चना भी की।
भाषा
राखी माधव
माधव

Facebook


