द्रमुक-कांग्रेस के बीच सीट-बंटवारे पर चोडणकर ने जताया विश्वास : हमारी इच्छाएं पूरी की जाएंगी

द्रमुक-कांग्रेस के बीच सीट-बंटवारे पर चोडणकर ने जताया विश्वास : हमारी इच्छाएं पूरी की जाएंगी

द्रमुक-कांग्रेस के बीच सीट-बंटवारे पर चोडणकर ने जताया विश्वास : हमारी इच्छाएं पूरी की जाएंगी
Modified Date: February 28, 2026 / 06:56 pm IST
Published Date: February 28, 2026 6:56 pm IST

चेन्नई, 28 फरवरी (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस समिति के तमिलनाडु प्रभारी गिरीश चोडणकर ने शनिवार को कहा कि सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के साथ सीट-बंटवारे पर हुई औपचारिक बातचीत ‘मैत्रीपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण’ रही तथा उम्मीद जताई कि कांग्रेस की इच्छाएं पूरी होंगी।

चोडणकर ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच हुई बातचीत से एक-दूसरे की चिंताओं को समझने में मदद मिली और दोनों ने मुद्दों पर खुलकर चर्चा की।

द्रमुक के प्रदेश मुख्यालय ‘अन्ना अरिवालयम’ में लगभग एक घंटे तक चली बैठक के बाद चोडणकर ने कहा, ‘हम दोनों पक्षों की चिंताओं को लेकर सामंजस्य बिठाने और अपने कार्यकर्ताओं के हितों की रक्षा करते हुए सर्वोत्तम परिणाम पर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।’

यह पूछे जाने पर कि क्या चर्चा सत्ता के बंटवारे और सीटों की संख्या को लेकर हुई, उन्होंने पत्रकारों से कहा, ‘हम दोनों ने स्वतंत्र रूप से एक-दूसरे की चिंताओं को साझा किया। उन्होंने राज्यसभा की एक सीट की पेशकश की थी।’

चोडणकर ने कहा, ‘जैसा कि मैंने कहा, बातचीत बहुत सौहार्दपूर्ण और मैत्रीपूर्ण रही। हमने अपनी मंशाओं को साझा किया। बातचीत पूरी होने के बाद हम जानकारी देंगे। हमें उम्मीद और विश्वास है कि हमारी इच्छाएं पूरी होंगी।’

यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस ने द्रमुक के साथ सत्ता बंटवारे की मांग की है, उन्होंने कहा, ‘‘वे इस समस्या को समझते हैं। हमने मुद्दों पर खुलकर बातचीत की। हमारा पूरा जोर अब यह सुनिश्चित करने पर है कि द्रमुक की सत्ता में वापसी हो।’’

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि कई लोग ‘ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) छोड़ रहे हैं’ और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का एजेंडा अन्नाद्रमुक को ‘खत्म’ करना है।

यह पूछे जाने पर कि क्या कांग्रेस पार्टी अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी टीवीके के साथ संपर्क बनाए हुए है, उन्होंने कहा, ‘‘हम द्रमुक के मुख्यालय में (खड़े हुए) हैं।’’

कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागई ने इस बात से इनकार किया कि कांग्रेस ने तमिलगा वेत्री कझगम (टीवीके) के साथ भी समानांतर बातचीत शुरू की है।

उन्होंने कहा कि द्रमुक, कांग्रेस की मांगों पर विचार करने के लिए सहमत हो गई है।

इस बीच, द्रमुक के प्रवक्ता टी के एस एलनगोवन ने दोनों दलों के बीच संबंधों में किसी भी तरह की दरार से इनकार किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेतृत्व ने सदैव इस बात पर जोर दिया है कि वे द्रमुक के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) में तमिलनाडु मामलों के प्रभारी गिरीश चोडनकर, कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के. सेल्वापेरुन्थागई और एआईसीसी की सह-प्रभारी निवेदिता अल्वा के नेतृत्व में पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ सांसद टी. आर. बालू के नेतृत्व वाले द्रमुक पैनल के साथ चर्चा की।

कांग्रेस की ओर से द्रमुक से मांगी जाने वाली सीटों की संख्या और राज्यसभा सीट के सवाल पर चोडनकर ने पत्रकारों से कहा, ‘ अटकलें न लगाएं। हम विवरण के साथ आपके पास वापस आएंगे।’

द्रमुक के नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रमुख घटक दल कांग्रेस की उम्मीदें इस बार काफी अधिक हैं। पार्टी 2021 के विधानसभा चुनाव में लड़ी गई 25 सीटों की तुलना में अधिक सीटों की मांग कर रही है।

इसी के साथ, कांग्रेस इस बार एक राज्यसभा सीट और सत्ता में हिस्सेदारी के लिए भी जोर दे रही है।

भाषा प्रचेता माधव

माधव


लेखक के बारे में