अतिरिक्त पानी के लिए हरियाणा से संपर्क में हैं मुख्यमंत्री, ‘आप’ नेता बोल रहे हैं झूठ: भाजपा
अतिरिक्त पानी के लिए हरियाणा से संपर्क में हैं मुख्यमंत्री, ‘आप’ नेता बोल रहे हैं झूठ: भाजपा
नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दिल्ली में पानी की किल्लत पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के बयानों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) के नेताओं पर “झूठ” फैलाने का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री ने दिल्ली के लिए अतिरिक्त पानी सुरक्षित करने के उद्देश्य से अपने हरियाणा के समकक्ष नायब सिंह सैनी से समन्वय किया है।
दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने भी रविवार को कहा कि ‘आप’ पानी की कमी के मुद्दे और पानी के नुकसान के कारणों को लेकर “भ्रामक जानकारी” फैला रही है।
पार्टी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज सहित ‘आप’ के कई नेताओं ने रेखा गुप्ता के उस हालिया बयान को लेकर उन पर निशाना साधा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि गर्मियों में पानी के नुकसान और किल्लत के पीछे वाष्पीकरण और रिसाव कुछ मुख्य कारण हैं।
दिल्ली पानी के मामले में कमी वाला एक राज्य है और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए पड़ोसी राज्यों हरियाणा और उत्तर प्रदेश पर निर्भर है। हर साल गर्मी के मौसम में नदी का जलस्तर घटने के कारण पानी की आपूर्ति पर अत्यधिक दबाव रहता है।
मुख्यमंत्री के बयान का बचाव करते हुए दिल्ली सरकार के अधिकारियों ने 2019 में प्रकाशित एक अध्ययन का हवाला दिया, जिसमें दावा किया गया है कि खुली नहरों से वाष्पीकरण और अन्य कारणों से होने वाला पानी का नुकसान लगभग 30 प्रतिशत होने का अनुमान है। इस अध्ययन में पिछले 50 वर्षों के वर्षा और गर्मी के कारण पानी के भाप बनने (वाष्पीकरण) के आंकड़ों के आधार पर शहर की भूजल पुनर्भरण क्षमता का भी अनुमान लगाया गया था।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी “झूठ” बोल रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता का एक वीडियो साझा किया, जिसमें वह वाष्पीकरण और रिसाव का हवाला दे रही हैं और साथ ही यह भी कह रही हैं कि उन्होंने दिल्ली में पानी की कमी को पूरा करने के लिए यमुना का अतिरिक्त पानी उपलब्ध कराने के वास्ते हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से संपर्क किया है।
भाजपा ने कहा कि ‘आप’ नेताओं ने उन पर निशाना साधने के लिए उनके भाषण के एक छोटे हिस्से का इस्तेमाल किया।
भाषा सुमित प्रशांत
प्रशांत

Facebook


