कॉजपा अपना नाम बदलकर ‘इस्तीफा जनता पार्टी’ कर ले : आठवले
कॉजपा अपना नाम बदलकर 'इस्तीफा जनता पार्टी' कर ले : आठवले
गुवाहाटी, 29 सितंबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले ने मंगलवार को कहा कि ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (कॉजपा) जिस तरह लगातार विभिन्न प्रमुख हस्तियों के इस्तीफे की मांग करती रहती है, उसके चलते उसे अपना नाम बदलकर ‘इस्तीफा जनता पार्टी’ कर लेना चाहिए।
केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री आठवले ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि कॉजपा अब मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रही है, जबकि इससे पहले उसने राष्ट्रीय पात्रता-सह-प्रवेश परीक्षा (नीट) का पर्चा लीक होने के मुद्दे पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की थी।
रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई-आठवले गुट) के अध्यक्ष ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘कॉजपा सिर्फ इस्तीफे मांगती रहती है। उन्हें अपना नाम बदलकर ‘इस्तीफा जनता पार्टी’ रख लेना चाहिए।’’
आठवले ने कहा कि कॉजपा के संस्थापक अभिजीत दीपके हाल ही में राजनीति में आए हैं, जबकि वह (आठवले) खुद लंबे समय से दलितों और अन्य पिछड़े वर्गों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘दीपके महाराष्ट्र से हैं, बौद्ध हैं और दलित समाज से आते हैं। उन्होंने अमेरिका में पढ़ाई की है और इस क्षेत्र में नए हैं। हम देश के सामने मौजूद विभिन्न समस्याओं से अच्छी तरह वाकिफ हैं और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें सुलझाने के लिए पूरी ईमानदारी से मेहनत कर रहे हैं।’’
आठवले ने यह दावा भी किया कि मोदी 2029 में लगातार चौथी बार देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।
उन्होंने असम के विकास और लोगों के कल्याण के लिए मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा के प्रयासों की भी सराहना की।
मंत्री ने कहा कि सरकार युवाओं के शैक्षणिक और आर्थिक सशक्तीकरण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने बताया कि योग्य छात्रों को उनकी शिक्षा को आसान बनाने और भविष्य के अवसरों को बेहतर करने के लिए छात्रवृत्तियां दी जा रही हैं।
आठवले ने कहा कि उनका मंत्रालय हर साल देश भर में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के एक करोड़ से अधिक पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करता है।
असम के अपने दौरे के दौरान आठवले धुबरी जिले के चापर में ‘डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर भवन’ के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि उन्होंने स्थानीय निवासियों और जनप्रतिनिधियों से बातचीत की और बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि यह भवन सामाजिक न्याय, समानता, शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और वंचित वर्गों के सशक्तीकरण के केंद्र के रूप में कार्य करेगा।
आठवले ने कहा, ‘मेरी यह हार्दिक इच्छा है कि यह भवन बाबासाहेब के विचारों और आदर्शों को हर व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए।’
भाषा
सुमित सुरेश
सुरेश

Facebook


