नीट-स्नातक पुनर्परीक्षा के अंकों में गड़बड़ी की शिकायतें मिलना प्रशासन की विफलता दिखाता है: बीड सांसद
नीट-स्नातक पुनर्परीक्षा के अंकों में गड़बड़ी की शिकायतें मिलना प्रशासन की विफलता दिखाता है: बीड सांसद
बीड, 19 जुलाई (भाषा) बीड से राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी-शरदचंद्र पवार (राकांपा-शप) के सांसद बजरंग सोनवणे ने रविवार को कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) द्वारा नीट-स्नातक की पुनर्परीक्षा के परिणाम जारी किए जाने के बाद उन्हें अंकों में कथित गड़बड़ी को लेकर कई छात्रों की शिकायतें मिली हैं। उन्होंने इसे प्रशासन की विफलता बताया।
सांसद सोनवणे ने प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बीच राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा के संचालन को लेकर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग की।
महाराष्ट्र के बीड जिले के कुछ छात्रों ने आरोप लगाया है कि राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा(नीट)-स्नातक 2026 पुनर्परीक्षा के परिणाम घोषित होने के बाद उन्हें जो अंक प्राप्त हुए और आधिकारिक उत्तर कुंजी के आधार उन्होंने जितने अंकों का अनुमान लगाया था, उसमें अंतर है।
सोनवणे ने पत्रकारों से कहा, “मुझे केवल इस जिले से ही छात्रों और अभिभावकों की ओर से करीब 10 से 11 आधिकारिक शिकायतें मिली हैं। देशभर में नीट परीक्षा को लेकर प्रश्नपत्र लीक और इसमें अनियमितताओं का स्तर पूरी तरह अव्यवस्थित और बिना योजना के प्रशासन की पोल खोलता है।”
नीट-स्नातक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन पर प्रतिक्रिया देते हुए सांसद ने कहा, “स्थिति की गंभीरता पर ध्यान देने के बजाय प्रशासन प्रदर्शन कर रहे छात्रों को उठा कर हिरासत में ले रहा है। मैं यह समझ नहीं पा रहा हूं कि लोकतंत्र में इस तरह की कार्रवाई कैसे उचित ठहराई जा सकती है।’’
राकांपा-शप के नेता ने कहा कि वह आगामी संसद सत्र में जवाबदेही संबंधी इस मुद्दे को उठाएंगे।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत

Facebook


