‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान खरगे, सोनिया, राहुल का आचरण निंदनीय: गोवा के मुख्यमंत्री
‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान खरगे, सोनिया, राहुल का आचरण निंदनीय: गोवा के मुख्यमंत्री
पणजी, 16 अगस्त (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने रविवार को कहा कि ‘वंदे मातरम्’ के गायन के दौरान कांग्रेस नेताओं मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और राहुल गांधी के कथित आचरण की निंदा की जानी चाहिए।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आरोप लगाया है कि नयी दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ के गायन के समय कांग्रेस नेताओं ने ‘‘पूरी तरह अनादर’’ दिखाया।
सावंत ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘वंदे मातरम् ने हमारे स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पीढ़ियों को प्रेरित किया। यह उदासीनता नहीं, बल्कि श्रद्धा और सम्मान का हकदार है।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में वंदे मातरम् के गायन के दौरान सोनिया गांधी, खरगे और राहुल गांधी का कथित आचरण निंदनीय है।
कांग्रेस ने इस आरोप का खंडन करते हुए कहा कि राष्ट्रगीत के पूर्ण संस्करण के गायन को रोकने का कोई प्रयास नहीं किया गया। पार्टी ने कहा कि सोनिया गांधी केवल पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के लिए कुर्सी को लेकर कह रही थीं, क्योंकि वह काफी समय से खड़े थे।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


