कांग्रेस ने वीना जॉर्ज पर केएसयू हमले और चोट के बारे में झूठ बोलने का आरोप लगाया, माफी की मांग की

कांग्रेस ने वीना जॉर्ज पर केएसयू हमले और चोट के बारे में झूठ बोलने का आरोप लगाया, माफी की मांग की

कांग्रेस ने वीना जॉर्ज पर केएसयू हमले और चोट के बारे में झूठ बोलने का आरोप लगाया, माफी की मांग की
Modified Date: February 28, 2026 / 06:42 pm IST
Published Date: February 28, 2026 6:42 pm IST

कन्नूर, 28 फरवरी (भाषा) कांग्रेस ने हाल ही में केरल छात्र संघ (केएसयू) कार्यकर्ताओं पर हमला करने की झूठी खबरें फैलाने के लिए शनिवार को राज्य की स्वास्थ्य मंत्री वीना जॉर्ज और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेतृत्व से माफी की मांग की।

माकपा ने छात्र संघ के कार्यकर्ताओं पर वीना जॉर्ज पर हमला करने का आरोप लगाया था, जिसमें उन्हें (स्वास्थ्य मंत्री को) कथित तौर पर चोट आईं थीं।

केरल प्रदेश कांग्रेस कमेटी (केपीसीसी) के अध्यक्ष सनी जोसेफ ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह मांग रखी।

जोसेफ ने आरोप लगाया कि मंत्री द्वारा किए गए ‘झूठे दावों’ के आधार पर माकपा और उसके सहयोगी संगठनों ने कांग्रेस कार्यालयों एवं कार्यकर्ताओं के खिलाफ व्यापक हिंसा की।

उन्होंने दावा किया, ‘‘कोझिकोड में केरल छात्र संघ के एक कार्यकर्ता के घर पर बम फेंका गया।’’

जोसेफ ने कहा कि मंत्री इन घटनाओं के लिए जवाबदेह हैं और उनपर ‘चोट लगने का नाटक’ करने एवं अस्पताल में भर्ती होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, ‘‘वीना जॉर्ज को ऐसा नाटक नहीं करना चाहिए।’’

जोसेफ ने यह भी आरोप लगाया कि केएसयू कार्यकर्ताओं के विरोध प्रदर्शन के दौरान मंत्री को लगी चोटों की सही प्रकृति को स्पष्ट करने के लिए कोई मेडिकल बुलेटिन या वीडियो जारी नहीं किए गए।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन को मंत्री के कार्यों का बचाव नहीं करना चाहिए और पुलिस को केएसयू कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामले दर्ज करने में हुई अपनी गलती को सुधारना चाहिए।

जोसेफ ने कहा, ‘‘सरकार को उन मामलों को वापस लेने के लिए तैयार रहना चाहिए, जिनमें प्रदर्शनकारी केएसयू कार्यकर्ताओं को हत्या के प्रयास के झूठे आरोप में फंसाया गया है।’’

इस बीच, राज्य पुलिस प्रमुख रावड़ा ए. चंद्रशेखर ने बताया कि पुलिस को मिली शिकायत के आधार पर प्रारंभिक मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की उचित जांच की जाएगी।

जॉर्ज को शुक्रवार को कन्नूर के परियाराम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।

विरोध प्रदर्शन के बाद गर्दन और हाथ में दर्द की शिकायत के बाद जॉर्ज को भर्ती कराया गया था।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में