कांग्रेस ने हिमंत की पत्नी के पास तीन पासपोर्ट होने का आरोप लगाया, मुख्यमंत्री ने आरोपों को खारिज किया
कांग्रेस ने हिमंत की पत्नी के पास तीन पासपोर्ट होने का आरोप लगाया, मुख्यमंत्री ने आरोपों को खारिज किया
नयी दिल्ली, पांच अप्रैल (भाषा) कांग्रेस ने रविवार को आरोप लगाया कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा की पत्नी के पास तीन देशों के पासपोर्ट हैं और उन्होंने उनकी संपत्तियों की जानकारी छिपाई है। भाजपा नेता ने इन आरोपों को “दुर्भावनापूर्ण” और “मनगढ़ंत” बताते हुए सिरे से खारिज कर दिया और “48 घंटे के भीतर” कानूनी कार्रवाई करने का संकल्प लिया।
असम में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रचार के चरम पर पहुंचने के साथ ही शर्मा को निशाना बनाते हुए, कांग्रेस के मीडिया और प्रचार विभाग के प्रमुख पवन खेड़ा ने एक प्रेस वार्ता में आरोपों के समर्थन में कथित दस्तावेज दिखाए और निर्वाचन आयोग से चुनाव शपथ पत्र में जानकारी छिपाने के आरोप में उनका नामांकन रद्द करने की मांग की।
खेड़ा पर पलटवार करते हुए शर्मा ने कहा कि जब असम ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से बढ़ रहा है, ऐसे में हताशा में किए गए इस तरह के निराधार हमले केवल कांग्रेस की कमजोर स्थिति को उजागर करते हैं।
असम के मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं जिनका उद्देश्य असम की जनता को गुमराह करना है।’’
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रसारित किए जा रहे दस्तावेजों में कई स्पष्ट विसंगतियां हैं, जो डिजिटल हेरफेर के एक घटिया और खराब ढंग से किए गए प्रयास का संकेत देती हैं।
शर्मा ने कहा कि उनकी पत्नी और वह अगले 48 घंटे के भीतर खेड़ा के खिलाफ ‘लापरवाहीपूर्वक मानहानिकारक बयान’ देने के लिए आपराधिक और दीवानी दोनों तरह के मानहानि के मामले दर्ज कराएंगे।
यहां प्रेस वार्ता में खेड़ा ने कहा कि असम के मुख्यमंत्री शर्मा और उनकी पत्नी के खिलाफ समय-समय पर कई आरोप लगे हैं, जैसे कि भूमि हड़पना, मंदिर के दान का दुरुपयोग करना और सरकारी सब्सिडी का गबन आदि।
खेड़ा ने कहा, ‘‘हालांकि, जो दस्तावेज हम आज आपके सामने पेश कर रहे हैं, वे भारत की सीमाओं से परे के मामलों से संबंधित हैं।”
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘असम के मुख्यमंत्री की पत्नी रिनिकी भुइयां शर्मा के पास तीन पासपोर्ट हैं।’’ खेड़ा ने दावा किया कि उनके पास यूएई का पासपोर्ट है जो 14 मार्च, 2022 को जारी हुआ था और 13 मार्च, 2027 को समाप्त हो जाएगा।
उन्होंने दावा किया कि उनके नाम पर दूसरा पासपोर्ट एंटीगुआ और बारबुडा का है, जो 26 अगस्त, 2021 को जारी हुआ था और 25 अगस्त, 2031 को समाप्त हो जाएगा।
खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि उनके नाम पर तीसरा पासपोर्ट मिस्र का है जो 13 फरवरी, 2022 को जारी हुआ था और 12 फरवरी, 2029 को समाप्त हो जाएगा।
खेड़ा ने आरोप लगाया, ‘‘हिमंत विश्व शर्मा की पूरी राजनीति मुसलमानों के प्रति नफरत पर आधारित है, लेकिन उनकी पत्नी के पास दो मुस्लिम देशों के पासपोर्ट हैं?’’
खेड़ा ने पूछा कि क्या वे चुनावी हार की स्थिति में देश छोड़कर भागने की तैयारी कर रहे हैं? खेड़ा के दावों को खारिज करते हुए, रिनिकी भुइयां शर्मा ने कहा कि वह उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगी।
भुइयां ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘मुझे एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रवक्ता से बुनियादी सावधानी बरते जाने की उम्मीद थी, न कि काल्पनिक पासपोर्ट और दस्तावेजों की गलत तस्वीरें प्रसारित करने की। अब कानून अपना काम करेगा। आपराधिक आरोप लगाए गए हैं और हम इसे अदालत में आगे बढ़ा सकते हैं।’’
खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि शर्मा की पत्नी के पास दुबई में दो संपत्तियां हैं। खेड़ा ने कहा, ‘‘विदेश में कई लोगों के पास संपत्तियां होती हैं, लेकिन जब पति या पत्नी में से कोई चुनाव लड़ता है तो उसके लिए इन संपत्तियों का खुलासा हलफनामे में करना अनिवार्य होता है। फिर भी, हिमंत विश्व शर्मा के हलफनामे में दुबई की इन दो संपत्तियों का कोई जिक्र नहीं है।’’
कांग्रेस नेता ने पूछा कि उन्होंने अपने हलफनामे में अपनी पत्नी की दुबई में स्थित संपत्तियों का खुलासा क्यों नहीं किया?
खेड़ा ने यह भी आरोप लगाया कि शर्मा की पत्नी अमेरिका के व्योमिंग में स्थित एक कंपनी की मालिक हैं। उन्होंने दावा किया कि इस कंपनी के सदस्यों की सूची में दंपति और उनके बेटे के नाम शामिल हैं।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हिमंत विश्व शर्मा ने फर्जी कंपनियां बनाकर व्योमिंग में अपना पैसा छिपा रखा है।’’ खेड़ा ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह को जवाब देना होगा कि क्या वे इन मामलों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन करेंगे।
उन्होंने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार हलफनामे में जानकारी छिपाने का संज्ञान कब लेंगे? खेड़ा ने कहा कि शर्मा को एक दिन भी जेल से बाहर नहीं रहना चाहिए और उनका नामांकन रद्द किया जाना चाहिए।
खेड़ा के आरोपों का खंडन करते हुए शर्मा ने कहा, ‘‘पवन खेड़ा की आज की प्रेस वार्ता कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरी हताशा और घबराहट को दर्शाती है। असम ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से बढ़ रहा है, ऐसे में इस तरह के हताशा में किए गए निराधार हमले केवल उनकी कमजोर स्थिति को उजागर करते हैं।’’
शर्मा ने ‘एक्स’ पर कहा, “मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को सिरे से खारिज करता हूं। ये सभी आरोप दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका उद्देश्य असम के लोगों को गुमराह करना है।’’
शर्मा ने कहा, ‘‘मैं और मेरी पत्नी अगले 48 घंटे के भीतर श्री पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी, दोनों तरह के मानहानि के मामले दर्ज कराएंगे। उन्हें उनके लापरवाहीपूर्वक दिए गए मानहानिकारक बयानों के लिए पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाएगा।
मुख्यमंत्री शर्मा ने कहा, “मुझे न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। एक बार अदालत में सच्चाई साबित हो जाने पर, श्री पवन खेड़ा को अपने कार्यों के परिणाम भुगतने होंगे और कानून अपना काम करेगा।’’ उन्होंने कहा कि पवन खेड़ा को जेल जाना पड़ेगा।
भाषा संतोष रंजन
रंजन

Facebook


