झारखंड में एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे कांग्रेस और झामुमो
झारखंड में एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे कांग्रेस और झामुमो
नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) कांग्रेस और झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने झारखंड में होने वाले राज्यसभा चुनावों में एक-एक सीट पर चुनाव लड़ने का फैसला किया है। दोनों गठबंधन सहयोगी दलों के नेताओं के बीच एक बैठक में इस बाबत सहमति बन गई है।
झामुमो ने पहले संकेत दिया था कि वह दोनों राज्यसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगा और एक उम्मीदवार के नाम की घोषणा कर दी, जबकि कांग्रेस ने भी दो सीटों में से एक के लिए अपने उम्मीदवार का नाम घोषित कर दिया। राज्यसभा सीटों के लिए चुनाव 18 जून को होंगे।
बैठक में शामिल एक वरिष्ठ नेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘हमने मामला सुलझा लिया है और अब झामुमो तथा कांग्रेस एक-एक सीट पर चुनाव लड़ेंगे।’’
सूत्रों ने बताया कि यह सहमति झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के पर्यवेक्षकों भूपेश बघेल एवं अजय शर्मा के बीच सुबह नाश्ते पर हुई बैठक में बनी।
उन्होंने कहा कि आज रात्रिभोज पर होने वाली एक बैठक में यह संयुक्त घोषणा की जा सकती है कि झामुमो और कांग्रेस एक-एक राज्यसभा सीट पर चुनाव लड़ेंगे। बैठक में ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी 56 विधायकों को आमंत्रित किया गया है।
बघेल ने दोनों राज्यसभा सीट पर राज्य में सत्तारूढ़ गठबंधन की जीत का विश्वास जताते हुए रविवार को कहा कि मुख्यमंत्री सोरेन ने ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी 56 विधायकों की बैठक बुलाई है।
उन्होंने कहा, ‘‘हम यहां दोनों सीट जीतने जा रहे हैं। सत्तारूढ़ गठबंधन के दो उम्मीदवार सोमवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।’’
झामुमो ने पूर्व मंत्री बैद्यनाथ राम को राज्य की दो राज्यसभा सीटों में से एक के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया था। वह आठ जून को मुख्यमंत्री सोरेन की मौजूदगी में अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।
कांग्रेस ने भी अपने वरिष्ठ पदाधिकारी प्रणव झा को एक राज्यसभा सीट के लिए अपना उम्मीदवार घोषित किया है। एआईसीसी सचिव झा अभी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के संचार प्रभारी हैं।
कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और अजय शर्मा को झारखंड राज्यसभा चुनावों के लिए पर्यवेक्षक बनाया है। बघेल और शर्मा ने झा के लिए झामुमो का समर्थन हासिल करने के मकसद से सोरेन से मुलाकात की।
भाजपा पहले ही कह चुकी है कि वह एक राज्यसभा सीट पर उम्मीदवार उतारेगी। हालांकि उसने अभी किसी के नाम की घोषणा नहीं की है।
झामुमो के सह-संस्थापक शिबू सोरेन की मौत के बाद राज्यसभा की एक सीट खाली हो गई थी, जबकि दूसरी सीट भाजपा सांसद दीपक प्रकाश के 21 जून को छह साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद खाली होगी।
झारखंड विधानसभा के एक निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि झामुमो के बैद्यनाथ राम, कांग्रेस के प्रणव झा, आंध्र प्रदेश से राज्यसभा सदस्य परिमल नाथवानी और भाजपा नेता गौरव वल्लभ समेत पांच उम्मीदवारों ने शनिवार को नामांकन पत्र खरीदे।
अगर नाथवानी और वल्लभ दोनों मैदान में उतरते हैं तो झारखंड में मुकाबला दिलचस्प हो जाएगा।
झारखंड विधानसभा में ‘इंडिया’ गठबंधन के 56 सदस्य हैं जिनमें झामुमो के 34, कांग्रेस के 16, राजद के चार और भाकपा (माले) लिबरेशन के दो सदस्य हैं।
राज्य विधानसभा में राजग के 24 विधायक हैं जिनमें भाजपा के 21 और लोजपा (रामविलास), आजसू तथा जदयू के एक-एक सदस्य हैं। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा के एक विधायक हैं।
भाषा वैभव प्रशांत
प्रशांत

Facebook


