कांग्रेस छात्र प्रदर्शनों पर चर्चा से भाग रही क्योंकि वह गृह मंत्री का सामना करने से डरती है : नवीन
कांग्रेस छात्र प्रदर्शनों पर चर्चा से भाग रही क्योंकि वह गृह मंत्री का सामना करने से डरती है : नवीन
नयी दिल्ली, 12 अगस्त (भाषा) भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन ने बुधवार को आरोप लगाया कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल छात्र प्रदर्शनों को लेकर संसद में चर्चा से भाग रहे हैं क्योंकि वे गृह मंत्री अमित शाह का सामना करने से ‘डरते हैं।
नवीन ने कहा कि गृह मंत्री ने सड़कों से लेकर सदन तक एक लंबी राजनीतिक यात्रा तय की है और पूरा देश जानता है कि जब वह तथ्यों के साथ सदन में बोलते हैं, तो विपक्ष की ‘‘बोलती बंद हो जाती है।’’
भाजपा अध्यक्ष ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘इसी डर के कारण विपक्ष पूरे सत्र के दौरान गोलपोस्ट बदलता रहा और चर्चा से बचता रहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘इस पूरे सत्र में राहुल गांधी और समूचे विपक्ष का रवैया उनकी अराजक मानसिकता और लोकतंत्र-विरोधी सोच को उजागर करता है। पूरा सत्र बीतने को है, पर वे एक भी मुद्दे पर गंभीर चर्चा के लिए तैयार नहीं हुए।’’
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘ पहले उन्होंने युवाओं के विषय पर चर्चा करने की मांग की, और जब सरकार इसके लिए पूरी तरह तैयार हो गई, तो कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन यह कहकर भाग खड़ा हुआ कि उन्हें कोई चर्चा ही नहीं करनी है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह साफ तौर पर दिखाता है कि विपक्ष मुद्दों को लेकर न तो संजीदा है और न ही गंभीर।’’
नवीन ने कहा, ‘‘सच्चाई यह है कि राहुल गांधी, कांग्रेस और ‘इंडी’ गठबंधन चर्चा से इसलिए भाग रहा था क्योंकि उन्हें पता था कि जब गृह मंत्री संसद में बोलेंगे तो विपक्ष के सारे झूठ धराशायी हो जायेंगे। पूरा देश जानता है कि जब गृह मंत्री सदन में तथ्यों के साथ बोलते हैं, तो उनके तर्कों के सामने विपक्ष की बोलती बंद हो जाती है। इसी डर से विपक्ष पूरे सत्र में केवल विषयों को बदलता रहा और चर्चा से भागता रहा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘संसद लोकतंत्र का वह पवित्र मंदिर है जहां जनता के मुद्दों पर सार्थक चर्चा से देश की दिशा तय होती है, लेकिन इस बार के मानसून सत्र में गैरजिम्मेदार कांग्रेस ने चर्चा से भाग कर और बार–बार अपना गोलपोस्ट बदलकर देश की लोकतांत्रिक मर्यादा और गरिमा को ही तार–तार कर दिया। वास्तव में कांग्रेस ने देश की जनता को धोखा दिया है।’’
भाषा अविनाश पवनेश
पवनेश

Facebook


