कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने हरियाणा के व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया

कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने हरियाणा के व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया

कांग्रेस नेता वेणुगोपाल ने हरियाणा के व्यक्ति के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराया
Modified Date: April 5, 2026 / 11:47 am IST
Published Date: April 5, 2026 11:47 am IST

अलप्पुझा (केरल), पांच अप्रैल (भाषा) कांग्रेस नेता के. सी. वेणुगोपाल ने हरियाणा के एक व्यक्ति के खिलाफ अलप्पुझा की एक अदालत में मानहानि की शिकायत दर्ज कराई है।

इस शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आगामी केरल विधानसभा चुनाव से पहले उनके खिलाफ आधारहीन और राजनीति से प्रेरित बयान दिए गए हैं।

पार्टी द्वारा रविवार को जारी एक बयान के अनुसार, गौरव कुमार के खिलाफ अलप्पुझा स्थित न्यायिक प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट न्यायालय में मामला दर्ज किया गया है।

अपनी शिकायत में अलप्पुझा से सांसद ने कहा कि ये आरोप स्पष्ट रूप से चुनावी मंशा से लगाए गए हैं और उनका उद्देश्य उनकी प्रतिष्ठा और छवि को धूमिल करना है।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव ने कहा कि ये दावे 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनाव से संबंधित हैं लेकिन इन्हें 2026 में सामने लाया गया है।

वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि आरोपी ने संवाददाता सम्मेलन और मीडिया तथा सोशल मीडिया मंचों के माध्यम से इन दावों का प्रचार किया।

बयान के अनुसार, इस संबंध में 23 फरवरी 2026 को राज्य पुलिस प्रमुख को पहले ही शिकायत सौंपी जा चुकी थी।

कांग्रेस नेता ने इसे एक ‘‘सुनियोजित साजिश’’ करार दिया जिसका उद्देश्य राज्य में नौ अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव को प्रभावित करना है।

बयान के अनुसार, शिकायत में कहा गया कि आरोपी ने कानूनी नोटिस का जवाब नहीं दिया और आरोप वापस नहीं लिए जिसके बाद भारतीय न्याय संहिता के संबंधित प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब दिल्ली पुलिस ने कांग्रेस से जुड़े व्यक्तियों से संबंधित कथित ‘पैसे लेकर टिकट देने’ के मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, यह मामला हरियाणा के एक व्यक्ति की शिकायत से जुड़ा है, जिसने यह आरोप लगाया कि उसकी पत्नी के लिए चुनाव टिकट सुरक्षित करने के एवज में उससे बड़ी रकम की मांग की गई थी।

शिकायतकर्ता ने कहा कि रकम विभिन्न बैंक खातों और नकद के माध्यम से दी गई।

पुलिस ने कहा कि इस संबंध में जांच जारी है।

भाषा प्रचेता सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में