कांग्रेस नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है, उनपर टिप्पणी करना वक्त की बर्बादी: रेखा गुप्ता
कांग्रेस नेताओं का मानसिक संतुलन बिगड़ गया है, उनपर टिप्पणी करना वक्त की बर्बादी: रेखा गुप्ता
नयी दिल्ली, 22 अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लिए कथित रूप से की गई ‘आतंकवादी’ संबंधी टिप्पणी की दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि विपक्षी पार्टी के नेताओं ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है।
खरगे ने मंगलवार को चेन्नई में एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, अन्नाद्रमुक के भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ गठबंधन की आलोचना करते हुए शुरुआत में प्रधानमंत्री को ‘आतंकवादी’ कहा था।
जब पत्रकारों ने उनसे टिप्पणी के संदर्भ को स्पष्ट करने को कहा तो कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि उनका मतलब था कि प्रधानमंत्री देश के लोकतांत्रिक ताने-बाने को ‘आतंकित’ कर रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी के खिलाफ खरगे की टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर दिल्ली की मुख्यमंत्री ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘ऐसा लगता है कि कांग्रेस के लोगों ने अपना मानसिक संतुलन खो दिया है और उन्हें किसी भी संवैधानिक पद पर भरोसा नहीं है।’
उन्होंने कहा कि एक ऐसी पार्टी जो सेना को ‘कोस’ सकती है, अदालतों को अपमानित कर सकती है और संवैधानिक अधिकारियों के बारे में कुछ भी कह सकती है, वह प्रधानमंत्री को एक व्यक्ति के रूप में देखती है, न कि एक संवैधानिक पदाधिकारी के रूप में।
गुप्ता ने आरोप लगाया कि लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी बिना किसी शर्म या उम्र या पद की गरिमा की परवाह किए बिना हर दिन कुछ भी बोल देते हैं।
उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि यह पार्टी और इसके नेता मानसिक रूप से दिवालिया हो गए हैं, और उनके द्वारा कही गई बातों के बारे में कुछ भी कहना समय की बर्बादी है।’
निर्मला सीतारमण समेत तीन केंद्रीय मंत्रियों के भाजपा के प्रतिनिधिमंडल ने आज सुबह निर्वाचन आयोग का रुख किया और टिप्पणी को लेकर खरगे के खिलाफ ‘कड़ी से कड़ी कार्रवाई’ की मांग की।
भाषा नोमान नोमान रंजन
रंजन

Facebook


