कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने केरल की जनसभा में गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ कहा

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने केरल की जनसभा में गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ कहा

कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने केरल की जनसभा में गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ कहा
Modified Date: April 5, 2026 / 10:47 pm IST
Published Date: April 5, 2026 10:47 pm IST

(तस्वीर के साथ)

इडुक्की (केरल), पांच अप्रैल (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने रविवार को यहां विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान दिये गए भाषण में गुजरात के लोगों को ‘अशिक्षित’ बताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उन्हें ‘बेवकूफ’ बना रहे हैं।

खरगे ने साथ ही कहा कि न तो मोदी और न ही केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन राज्य की जनता को मूर्ख बना सकते हैं, क्योंकि वे ‘‘बहुत चतुर और शिक्षित’’ हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘केरल के लोगों को गुमराह मत कीजिए। वे बहुत चतुर और शिक्षित हैं। मोदीजी, विजयन, आप दोनों गुजरात या अन्य जगहों के अशिक्षित लोगों को मूर्ख बना सकते हैं, लेकिन केरल के लोगों को मूर्ख नहीं बना सकते।’’

खरगे ने यह टिप्पणी इस आरोप के साथ की कि मोदी और विजयन दोनों एक ही रास्ते पर चल रहे हैं और दोनों नेताओं में उनके दलों के अलावा कोई अंतर नहीं है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘एलडीएफ और भाजपा एक साथ आगे बढ़ रहे हैं और कांग्रेस पर हमला कर रहे हैं। दिल्ली में मोदी और केरल में विजयन की कार्यशैली एक जैसी है। वे सत्ता को अपने हाथों में ही केंद्रित रखना चाहते हैं।’’

उन्होंने दावा किया, ‘‘दरअसल, मैंने लोगों को यह कहते सुना है कि पिनराई विजयन केरल के मोदी हैं और भाजपा तथा एलडीएफ ने कांग्रेस को सत्ता से दूर रखने के लिए गुपचुप तरीके से साजिश रची है।’’

खरगे ने आरोप लगाया कि विजयन, मोदी के नियंत्रण में हैं। उन्होंने कहा, ‘‘वह (विजयन) अब स्वतंत्र व्यक्ति नहीं हैं।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सबसे सांप्रदायिक पार्टी है और यह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) के साथ मिलकर देश को बर्बाद कर देगी।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘मैं उनके रवैये की निंदा करता हूं, मैं उनकी विचारधारा की निंदा करता हूं।’’

खरगे ने मोदी को ‘झूठा’ करार देते हुए लोगों से उन पर विश्वास न करने की अपील की। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री सत्ता में आने के बाद हर साल दो करोड़ नौकरियां देने के अपने वादे को पूरा करने में विफल रहे हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने जनसभा में मौजूद लोगों से सवाल किया,‘‘मोदी की बात मत सुनो। वह झूठे हैं। सत्ता में आने पर उन्होंने हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था। वह 12 साल से सत्ता में है। क्या उन्होंने नौकरियां दीं?’’

खरगे ने मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री अक्सर दावे करते हैं कि केवल वही अपने ‘56 इंच के सीने’ के कारण देश चलाने में सक्षम हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘आपकी छाती का क्या महत्व है? जाएं और दर्जी से कहें, वह आपके लिए ठीक से जैकेट सिल देगा।’’

कांग्रेस अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस देश, उसकी आने वाली पीढ़ियों और उसकी एकता को नष्ट कर रहे हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘इसके नेता मोदी जनता को नुकसान पहुंचाएंगे, वह विनाश करेंगे और हमारी जनता को भुगतना पड़ेगा। लोग पहले से ही एलपीजी की कमी, महंगाई और बेरोजगारी के कारण संघर्ष कर रहे हैं।’’

केरल में नौ अप्रैल को 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव होंगे। मतगणना चार मई को होगी।

भाषा धीरज प्रशांत

प्रशांत


लेखक के बारे में