कांग्रेस खामेनेई की ‘‘लक्षित हत्या’’ की स्पष्ट रूप से निंदा करती है: खरगे
कांग्रेस खामेनेई की ‘‘लक्षित हत्या’’ की स्पष्ट रूप से निंदा करती है: खरगे
नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) कांग्रेस ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की ‘‘लक्षित हत्या’’ की ‘‘स्पष्ट रूप से’’ निंदा करते हुए रविवार को कहा कि किसी भी बाहरी शक्ति को सत्ता परिवर्तन कराने का अधिकार नहीं है।
कांग्रेस ने कहा कि ऐसी कार्रवाइयां साम्राज्यवाद के समान हैं और वे नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था के अनुरूप नहीं हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि उनकी पार्टी दोहराती है कि प्रत्येक देश के नागरिकों को अपना राजनीतिक भविष्य तय करने का अधिकार है।
खरगे ने एक बयान में कहा, ‘‘भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस (आईएनसी) युद्ध की औपचारिक रूप से घोषणा किए बिना एक सैन्य हमले में ईरान के सर्वोच्च नेता अली हुसैनी खामेनेई की लक्षित हत्या किए जाने की स्पष्ट रूप से निंदा करती है।’’
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस गहरे शोक की घड़ी में सर्वोच्च नेता के परिवार, ईरान के लोगों और दुनिया भर के शिया समुदाय के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करती है।
खरगे ने कहा, ‘‘हम इस गंभीर संकट में उनके साथ एकजुटता से खड़े हैं।’’
उन्होंने यह भी कहा कि भारत की विदेश नीति संवाद के जरिए और अंतरराष्ट्रीय कानून के सम्मान के साथ विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की प्रतिबद्धता पर आधारित है, जैसा कि भारत के संविधान के अनुच्छेद 51 में निर्देशित है।
भाषा
सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


