दावणगेरे विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस एकजुट होकर लड़ेगी: शिवकुमार

Ads

दावणगेरे विधानसभा उपचुनाव कांग्रेस एकजुट होकर लड़ेगी: शिवकुमार

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 05:24 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 05:24 PM IST

(फाइल फोटो के साथ)

बेंगलुरु, 27 मार्च (भाषा) कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने दावणगेरे दक्षिण विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवार चयन को लेकर पार्टी के भीतर किसी भी तरह की नाराजगी से इनकार करते हुए शुक्रवार को कहा कि सभी नेता पार्टी के फैसले को मानेंगे।

शिवकुमार ने यह भी दावा किया कि अल्पसंख्यक या अन्य किसी भी समुदाय के वोटों में कोई विभाजन नहीं होगा, क्योंकि कांग्रेस को सभी वर्गों का समर्थन प्राप्त है।

दावणगेरे दक्षिण और बागलकोट विधानसभा क्षेत्रों में नौ अप्रैल को उपचुनाव होंगे। ये उपचुनाव क्रमश: कांग्रेस के वरिष्ठ विधायकों शमनूर शिवशंकरप्पा और एच. वाई. मेती के निधन के कारण जरूरी हो गए हैं।

कांग्रेस ने दावणगेरे दक्षिण से शमनूर शिवशंकरप्पा के पोते समर्थ मल्लिकार्जुन को उम्मीदवार बनाया है। उनके पिता एस. एस. मल्लिकार्जुन मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की सरकार में मंत्री हैं और दावणगेरे जिले के प्रभारी भी हैं, जबकि उनकी मां प्रभा मल्लिकार्जुन उसी क्षेत्र से सांसद हैं।

सादिक पहलवान ने नामांकन दाखिल कर “बागी” उम्मीदवार के रूप में चुनाव मैदान में उतरने का फैसला किया है। उन्हें इस सीट पर कांग्रेस टिकट का दावेदार माना जा रहा था।

इस निर्वाचन क्षेत्र में अच्छी खासी संख्या में मुसलमान हैं। ऐसे में इस समुदाय ने कांग्रेस की ओर से किसी मुस्लिम नेता को देने की जोरदार मांग उठाई थी। पार्टी के कुछ धड़ों ने शमनूर परिवार को टिकट देने का विरोध भी किया था।

शिवकुमार ने कहा, “सभी हमारे लोग हैं… मुख्यमंत्री और मैंने इस पर चर्चा की है, लेकिन मैं उसका विवरण सार्वजनिक नहीं कर सकता। जमीर अहमद खान, नसीर अहमद और अब्दुल जबार समेत सभी नेता पार्टी के निर्णय को मानेंगे, इसमें कोई संदेह नहीं है।”

उन्होंने कहा कि सादिक पहलवान समेत जिन लोगों ने पार्टी का टिकट मांगा था, वे सभी अपने लोग हैं, वैसे भी चुनाव के दौरान मतभेद स्वाभाविक है, लेकिन उसे दूर लिया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय या अन्य समुदाय के वोटों में बंटवारा नहीं होगा।

शिवकुमार ने विश्वास जताया कि समर्थ मल्लिकार्जुन दिवंगत शिवशंकरप्पा से भी बड़े अंतर से जीत दर्ज करेंगे । उन्होंने कहा कि उस परिवार ने दावणगेरे के विकास में बड़ा योगदान दिया है, जिसे लोग याद करते हैं।

सूत्रों के अनुसार, सादिक पहलवान के मैदान में उतरने और अल्पसंख्यक समुदाय को टिकट न मिलने से कुछ असंतोष है, जिसे दूर करने के लिए पार्टी नेता प्रयास कर रहे हैं।

इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने दावणगेरे दक्षिण से श्रीनिवास टी. डी को उम्मीदवार बनाया है।

भाषा खारी राजकुमार

राजकुमार