एआईएफएफ ने आईएसएल और फेडरेशन कप के व्यावसायिक अधिकारों के लिए निविदा जारी की

Ads

एआईएफएफ ने आईएसएल और फेडरेशन कप के व्यावसायिक अधिकारों के लिए निविदा जारी की

  •  
  • Publish Date - March 27, 2026 / 10:14 PM IST,
    Updated On - March 27, 2026 / 10:14 PM IST

नयी दिल्ली, 27 मार्च (भाषा) अखिल भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) द्वारा शुक्रवार को निविदा जारी किए जाने के बाद इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) और फेडरेशन कप के संयुक्त व्यावसायिक अधिकारों को हासिल करने के लिए दो बोलीदाता दौड़ में हैं जिनमें से एक ने 20 वर्षों की अवधि के लिए 2100 करोड़ रुपये से अधिक की पेशकश की है।

फैनकोड और जीनियस स्पोर्ट्स ने आईएसएल और फेडरेशन कप (या सुपर कप) से संबंधित व्यावसायिक अधिकारों के लिए बोलियां जमा कीं जबकि कैपरी स्पोर्ट्स ने इंडियन वुमैंस लीग प्रथम डिविजन और इंडियन वुमैंस लीग दो के व्यावसायिक अधिकारों के लिए बोलियां लगाईं।

पता चला है कि जीनियस स्पोर्ट्स ने 20 वर्षों के लिए 2129 करोड़ रुपये की बोली लगाई है जो इंग्लिश प्रीमियर लीग, चैंपियनशिप और स्कॉटिश लीग के लिए आधिकारिक डेटा फीड प्रदाता है।

फैनकोड की बोली की राशि लगभग 1190 करोड़ रुपये थी जो लंदन स्थित जीनियस स्पोर्ट्स की बोली से लगभग आधी थी।

कैपरी स्पोर्ट्स ने 20 वर्षों के लिए 150 करोड़ रुपये की बोली लगाई है।

एआईएफएफ ने एक बयान में कहा, ‘‘एआईएफएफ ने महासंघ के स्वामित्व वाली प्रतियोगिताओं और संपत्तियों से संबंधित व्यावसायिक अधिकारों के लिए प्रस्ताव के लिए अनुरोध (आरएफपी) की निविदा जारी की। इंडियन सुपर लीग (आईएसएल), फेडरेशन कप (पहले सुपर कप), इंडियन वुमैंस लीग के अधिकारों के लिए बोलियां लगाई गईं। ’’

उसने कहा, ‘‘तीन संगठनों से बोलियां प्राप्त हुईं। फैनकोड और जीनियस स्पोर्ट्स ने इंडियन सुपर लीग और फेडरेशन कप (या सुपर कप) से संबंधित व्यावसायिक अधिकारों के लिए बोलियां जमा कीं। इस बीच कैपरी स्पोर्ट्स ने इंडियन वुमैंस लीग और इंडियन वुमैंस लीग दो के व्यावसायिक अधिकारों के लिए बोलियां लगाईं। ’’

बोली मूल्यांकन रिपोर्ट एआईएफएफ की कार्यकारी समिति के समक्ष रखी जाएगी, जिसकी बैठक रविवार को होगी। इसी दिन इस पर निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।

भाषा नमिता

नमिता