नीट परीक्षा रद्द होने के विरोध में जम्मू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

नीट परीक्षा रद्द होने के विरोध में जम्मू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन

नीट परीक्षा रद्द होने के विरोध में जम्मू में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
Modified Date: May 13, 2026 / 03:21 pm IST
Published Date: May 13, 2026 3:21 pm IST

जम्मू, 13 मई (भाषा) कांग्रेस की जम्मू कश्मीर इकाई ने नीट-यूजी परीक्षा रद्द होने के विरोध में बुधवार को केंद्र सरकार के खिलाफ यहां प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने कथित प्रश्नपत्र लीक में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और मामले की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में किये जाने की मांग की।

जम्मू कश्मीर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष रमन भल्ला के नेतृत्व में कांग्रेस के सैकड़ों कार्यकर्ताओं और नेताओं ने जम्मू में पार्टी मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनकारियों ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का पुतला जलाया, साथ ही नीट परीक्षा से जुड़ी कथित अनियमितताओं की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग की।

भल्ला ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘हम कथित उच्च स्तरीय सांठगांठ को उजागर करने और परीक्षा प्रणाली में छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए उच्चतम न्यायालय की निगरानी में जांच की मांग करते हैं। हम भविष्य में प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता और निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए एक त्रुटिरहित प्रणाली चाहते हैं।’’

राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने तीन मई को आयोजित मेडिकल प्रवेश परीक्षा ‘नीट-यूजी-2026’ को इसका प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के मद्देनजर मंगलवार को रद्द करने की घोषणा की थी तथा सरकार ने सीबीआई को इन ‘अनियमितताओं’ की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया है।

एनटीए ने कहा है कि यह परीक्षा अलग से अधिसूचित तिथियों पर पुनः आयोजित की जायेगी।

भल्ला ने नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक विवाद और जम्मू कश्मीर में कथित भर्ती घोटालों को लेकर भाजपा के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए सरकार पर ‘युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने’ का आरोप लगाया।

भाषा शफीक अमित

अमित


लेखक के बारे में