विश्वविद्यालय और कॉलेज छात्रों को ‘शक्तिश्री’ ऐप से जोड़ें: ओडिशा सरकार
विश्वविद्यालय और कॉलेज छात्रों को ‘शक्तिश्री’ ऐप से जोड़ें: ओडिशा सरकार
भुवनेश्वर, 20 मई (भाषा) ओडिशा के उच्च शिक्षा विभाग ने बुधवार को सभी सरकारी और अनुदान प्राप्त विश्वविद्यालयों एवं कॉलेजों से कहा कि वे ‘शक्तिश्री’ ऐप पर अधिकतम छात्रों का पंजीकरण सुनिश्चित करें। इस ऐप का उद्देश्य छात्र सुरक्षा, शिकायत निवारण एवं परामर्श सेवाओं को बेहतर बनाना है।
इस मोबाइल ऐप्लिकेशन को हाल ही में मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने ओडिशा में उच्च शिक्षा व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, जवाबदेह और छात्र-अनुकूल बनाने के लिए शुरू किया था।
छात्रों के लिए विशेष डिजिटल सहायता मंच के रूप में तैयार किए गए इस ऐप में एसओएस सहायता, सुरक्षा जांच, काउंसलिंग सहायता, शिकायत निवारण, संस्थागत अपडेट और आपातकालीन सहायता सेवाओं जैसी कई छात्र-केंद्रित सुविधाएं उपलब्ध हैं।
एक अधिकारी ने कहा कि यह ऐप छात्रों के साथ संवाद को मजबूत करने और जरूरत पड़ने पर उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विकसित किया गया है।
उच्च शिक्षा विभाग ने कुलपतियों और प्राचार्यों को भेजे पत्र में कहा कि उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले सभी उच्च शिक्षण संस्थानों के छात्र इस ऐप का उपयोग करने के पात्र हैं।
संस्थानों को निर्देश दिया गया है कि वे नोटिस, कक्षा संवाद, व्हाट्सऐप समूह और अन्य उपयुक्त माध्यमों के जरिए छात्रों के बीच जागरूकता फैलाएं, ताकि अधिक से अधिक छात्र ऐप डाउनलोड कर उसमें पंजीकरण करें।
भाषा गोला रंजन
रंजन

Facebook


