मध्यप्रदेश के गुना में ‘फ्रूटी’ जैसे पैक में राजस्थान निर्मित अवैध शराब की खेप बरामद
मध्यप्रदेश के गुना में ‘फ्रूटी’ जैसे पैक में राजस्थान निर्मित अवैध शराब की खेप बरामद
गुना (मध्यप्रदेश), नौ अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश पुलिस ने गुना जिले में ‘फ्रूटी’ जैसे पैक में कथित तौर पर राजस्थान निर्मित अवैध शराब की एक खेप बरामद की है। पुलिस के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना पर पुलिस ने बुधवार को सिरसी थानाक्षेत्र के करनावटा गांव में घेराबंदी कर आरोपी के घर के निकट आम के एक पेड़ के नीचे से यह खेप बरामद की।
थाने के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) गुणसागर मीणा ने बताया कि पुलिस ने जब आरोपी हमीर भिलाला को दबोचा और उसके बोरे की तलाशी ली तो सभी चकरा गए।
उन्होंने बताया कि बोरे के अंदर 25 ऐसे डिब्बे मिले जो हुबहू बच्चों की रूचि वाली ‘फ्रूटी’ (पेय पदार्थ) जैसे नजर आ रहे थे।
मीणा ने बताया कि आरोपी ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए ‘फ्रूटी’ के डिब्बों जैसे आकार का सहारा लिया था।
उन्होंने कहा कि तस्कर का इरादा साफ था कि किसी को शक भी न हो और वह जूस के नाम पर शहर में शराब खपा दे।
पुलिस ने बताया कि तलाशी के दौरान आरोपी के पास से 15 लीटर की एक केन भी मिली, जिसमें देशी शराब की 30 छोटी बोतल थीं।
मीणा ने बताया कि पुलिस ने मौके से कुल 9 लीटर 900 एमएल अवैध राजस्थान निर्मित शराब बरामद की है।
उन्होंने कहा कि पुलिस अब इस व्हिस्की वाली फ्रूटी के नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि आखिर राजस्थान से यह किन रास्तों से होकर गुना की सीमा में लाया गया।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आबकारी एक्ट की धारा 34(1) के तहत मामला दर्ज कर अवैध खेप को जब्त कर लिया है।
भाषा सं ब्रजेन्द्र
राजकुमार
राजकुमार

Facebook


