खंडवा में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर विवाद, थाने के सामने उग्र प्रदर्शन
खंडवा में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट को लेकर विवाद, थाने के सामने उग्र प्रदर्शन
खंडवा (मध्यप्रदेश), छह मार्च (भाषा) सोशल मीडिया पर कथित रूप से धार्मिक भावनाएं आहत करने वाली ‘पोस्ट’ साझा किए जाने को लेकर खंडवा में विवाद उत्पन्न होने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) महेंद्र तारनेकर ने बताया कि स्थानीय निवासी मुजाहिद कुरैशी की शिकायत पर मोघट रोड पुलिस थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि इस व्यक्ति पर आरोप है कि उसने मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली ‘पोस्ट’ इंस्टाग्राम पर साझा की।
एएसपी ने बताया कि मामला दर्ज किए जाने के बाद आरोपी को तत्काल हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को ‘‘फांसी की सजा दिए जाने की मांग करते हुए’’ लोगों के एक समूह ने बृहस्पतिवार रात थाना परिसर के सामने उग्र प्रदर्शन किया।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने ‘‘प्रदर्शनकारियों पर बल प्रयोग कर’’ हालात काबू में किए।
शहर पुलिस अधीक्षक अभिनव बारंगे ने बताया कि उग्र प्रदर्शन करने वाले लोगों पर पथराव, बलवा, शासकीय कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक मार्ग अवरुद्ध करने के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि इनमें से 22 आरोपी नामजद हैं, जबकि अन्य प्रदर्शनकारियों की पहचान की जा रही है।
भाषा सं. हर्ष मनीषा सिम्मी
सिम्मी

Facebook


