अदालत ने गोदाम ढहने के मामले में पूर्व महापौर के तत्कालीन ओएसडी को पुलिस हिरासत में भेजा
अदालत ने गोदाम ढहने के मामले में पूर्व महापौर के तत्कालीन ओएसडी को पुलिस हिरासत में भेजा
कोलकाता, 26 जून (भाषा) कोलकाता के पूर्व महापौर फिरहाद हकीम के विशेष कार्याधिकारी (ओएसडी) रहे कालीचरण बंदोपाध्याय को गोदाम ढहने के मामले में एक अदालत ने शुक्रवार को पुलिस हिरासत में भेज दिया। इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई थी।
अलीपुर अदालत के न्यायाधीश ने अभियोजन पक्ष के अनुरोध पर आरोपी बंदोपाध्याय को चार जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।
बंदोपाध्याय को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार किया गया था। यह गिरफ्तारी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा में एक व्यक्ति के खिलाफ कुछ टिप्पणियां किए जाने के कुछ ही घंटों बाद हुई। माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री का इशारा पूर्व ओएसडी की ओर था।
बुधवार को तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम के ढहने की जांच के लिए बनाई गई विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बंदोपाध्याय को गिरफ़्तार किया।
विशेष लोक अभियोजक सौरिन घोषाल ने अदालत में कहा कि बंदोपाध्याय गोदाम के निर्माण के लिए लाइसेंस जारी करने की प्रक्रिया में सीधे तौर पर शामिल थे।
उन्होंने मामले की जांच के लिए आरोपी की पुलिस हिरासत का अनुरोध किया, ताकि यह पता लगाया जा सके कि कोलकाता नगर निगम (केएमसी) से लाइसेंस दिलाने वाले उस कथित रैकेट का सरगना कौन था, जिसका आरोपी भी हिस्सा था।
भाषा आशीष दिलीप
दिलीप

Facebook


