माकपा ने केरल को हिंसा की भूमि में तब्दील कर दिया, जनता शांतिपूर्ण राज्य चाहती है : वेणुगोपाल

माकपा ने केरल को हिंसा की भूमि में तब्दील कर दिया, जनता शांतिपूर्ण राज्य चाहती है : वेणुगोपाल

माकपा ने केरल को हिंसा की भूमि में तब्दील कर दिया, जनता शांतिपूर्ण राज्य चाहती है : वेणुगोपाल
Modified Date: April 1, 2026 / 03:18 pm IST
Published Date: April 1, 2026 3:18 pm IST

कोझिकोड (केरल), एक अप्रैल (भाषा) कांग्रेस महासचिव के. सी. वेणुगोपाल ने बुधवार को मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) पर केरल को बमों और हिंसा की भूमि में बदलने का आरोप लगाया और कहा कि लोग एक शांतिपूर्ण राज्य चाहते हैं।

वेणुगोपाल ने यहां वडाकारा में ‘शांति मार्च’ का नेतृत्व करते हुए कहा कि वामपंथी सरकार राज्य में बमों के निर्माण और इस्तेमाल को बढ़ावा दे रही है।

उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया, ‘‘माकपा ने राज्य को बमों की भूमि बना दिया है। हमें एक शांतिपूर्ण राज्य चाहिए।’’

अलप्पुझा से सांसद वेणुगोपाल ने यह भी कहा कि संसद में कांग्रेस के नेतृत्व वाला विपक्ष विदेशी अंशदान विनियमन अधिनियम (एफसीआरए) संशोधन विधेयक को पारित नहीं होने देगा।

उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार संसद सत्र के शेष दो दिनों में इस विधेयक को पारित कराने की कोशिश कर रही है, जबकि अधिकतर विपक्षी सांसद विभिन्न चुनाव वाले राज्यों में चुनाव प्रचार में व्यस्त हैं।

वेणुगोपाल ने कहा, ‘‘हम ऐसा नहीं होने देंगे। हमने उन सभी सांसदों से, जिनकी चुनाव प्रचार में बेहद जरूरत नहीं है, दिल्ली लौटने को कहा है।’’

वेणुगोपाल ने दावा किया कि जिस प्रकार वक्फ अधिनियम संशोधन का उद्देश्य मुस्लिम समुदाय की संपत्ति को नियंत्रित करना था, उसी प्रकार एफसीआरए में किए गए बदलाव ईसाई समुदाय को निशाना बनाकर किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि केरल में अधिकांश धर्मार्थ और परोपकारी गतिविधियां विदेशी चंदे का उपयोग करके ईसाई समूहों या संगठनों द्वारा संचालित की जाती हैं।

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि इस विधेयक का उद्देश्य ऐसी गतिविधियों को नियंत्रित करना है।

भाषा शफीक शोभना

शोभना


लेखक के बारे में