‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के लिए माकपा ने ब्रिटास को नामित किया

‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के लिए माकपा ने ब्रिटास को नामित किया

‘इंडिया’ गठबंधन की बैठक के लिए माकपा ने ब्रिटास को नामित किया
Modified Date: June 7, 2026 / 12:24 pm IST
Published Date: June 7, 2026 12:24 pm IST

नयी दिल्ली, सात जून (भाषा) विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन की सोमवार को होने वाली बैठक में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) का प्रतिनिधित्व पार्टी के राज्यसभा सदस्य जॉन ब्रिटास करेंगे। वहीं, वामपंथी पार्टी केरल विधानसभा चुनाव अभियान के दौरान लगे आरोपों पर कांग्रेस की प्रतिक्रिया का इंतजार कर रही है। सूत्रों ने यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, माकपा महासचिव एम ए बेबी ने हाल में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को पत्र लिखकर वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की उन टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण मांगा जिनमें केरल में माकपा और भाजपा के बीच राजनीतिक मिलीभगत के दावे किये गये थे।

इस पत्र की प्रतियां ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के अन्य घटक दलों के साथ भी साझा की गईं। पत्र में तर्क दिया गया है कि ऐसे आरोप विपक्षी गठबंधन के आधारभूत सहयोग की भावना के विपरीत हैं।

वामपंथी दल का कहना है कि उसे इस मामले पर कांग्रेस से स्पष्टीकरण की प्रतीक्षा है।

माकपा के सूत्रों ने बताया कि पार्टी को कांग्रेस से अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है और ब्रिटास द्वारा बैठक में इस मुद्दे को उठाने की उम्मीद है।

अपने पत्र में बेबी ने चिंता व्यक्त की थी कि राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा और खरगे सहित कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोप चुनावी आलोचना से कहीं आगे हैं, जिससे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को सामूहिक रूप से चुनौती देने के लिए बने गठबंधन के कामकाज पर सवाल उठते हैं।

केरल विधानसभा चुनाव के बाद से यह मुद्दा दोनों पार्टियों के बीच विवाद का विषय बना हुआ है।

विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन के वरिष्ठ नेता सोमवार को राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ संयुक्त रणनीति पर चर्चा करेंगे और विपक्षी एकता को मजबूत करने पर विचार करेंगे।

सूत्रों के अनुसार, तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी, तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी, शिवसेना (उबाठा) प्रमुख उद्धव ठाकरे, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और पार्टी अध्यक्ष खरगे सहित कई नेताओं के इस बैठक में शामिल होने की संभावना है।

द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) और आम आदमी पार्टी (आप) के इस बैठक में शामिल होने की संभावना नहीं लग रही।

यह बैठक हाल में हुए विधानसभा चुनावों के मद्देनजर हो रही है, जिनमें पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में क्रमश: तृणमूल कांग्रेस और द्रमुक दोनों ही सत्ता से बेदखल हो गईं।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव


लेखक के बारे में