सी आर पाटिल ने गंगा की सफाई के कार्यों में तेजी लाने का दिया निर्देश
सी आर पाटिल ने गंगा की सफाई के कार्यों में तेजी लाने का दिया निर्देश
नयी दिल्ली, 30 मार्च (भाषा) केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी आर पाटिल ने गंगा पुनरुद्धार पर गठित अधिकार प्राप्त कार्य बल की 18वीं बैठक की सोमवार को अध्यक्षता की।
पाटिल ने स्वच्छ गंगा राष्ट्रीय मिशन के तहत हुई प्रगति की समीक्षा करते हुए नमामि गंगा कार्यक्रम को और गति देने के लिए प्रमुख नीतिगत, बुनियादी ढांचे और समन्वय संबंधी मुद्दों पर विचार-विमर्श किया।
बैठक में वित्त वर्ष 2025-26 में नदी पुनरुद्धार प्रयासों के क्रियान्वयन का आकलन किया गया, जिसमें पाटिल ने प्रगति पर संतोष व्यक्त किया।
उन्हें बताया गया कि अब तक 524 परियोजनाओं को मंजूरी दी जा चुकी है, जिनमें से 355 पूरी हो चुकी हैं। इसके अतिरिक्त, इस वित्तीय वर्ष में उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल में 17 सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) चालू किए गए हैं।
इस बैठक में विभिन्न मंत्रालयों और राज्य सरकारों के प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया, जिनमें जल संसाधन और पेयजल एवं स्वच्छता विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, साथ ही विद्युत, आवास एवं शहरी मामलों और गृह मंत्रालयों के प्रतिनिधि शामिल थे।
पाटिल ने राज्यों को लंबित कार्यों में तेजी लाने और नदी के पानी की गुणवत्ता में ठोस सुधार लाने को लेकर प्रदूषण नियंत्रण परियोजनाओं के सुचारू कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
भाषा अमित आशीष
आशीष

Facebook


