”नक्सलियों से निपटने, जम्मू-कश्मीर व पूर्वोत्तर में शांति बहाल करने में सीआरपीएफ का कार्य सराहनीय”

Ads

''नक्सलियों से निपटने, जम्मू-कश्मीर व पूर्वोत्तर में शांति बहाल करने में सीआरपीएफ का कार्य सराहनीय''

  •  
  • Publish Date - December 25, 2024 / 03:15 PM IST,
    Updated On - December 25, 2024 / 03:15 PM IST

नयी दिल्ली, 25 दिसंबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि सीआरपीएफ ने नक्सलवाद से निपटने और पूर्वोत्तर राज्यों तथा जम्मू-कश्मीर में शांति एवं स्थिरता बहाल करने में सराहनीय काम किया है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार, शाह ने कहा कि देश में आंतरिक सुरक्षा और शांति सुनिश्चित करने में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) द्वारा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा रही है।

गृह मंत्री ने यह बात सीआरपीएफ मुख्यालय के दौरे के दौरान कही, जहां उन्होंने महानिदेशक अनीश दयाल सिंह सहित बल के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की।

शाह ने इस दौरान दुनिया के सबसे बड़े अर्धसैनिक बल के संचालन और प्रशासनिक दक्षता की समग्र समीक्षा की।

उन्होंने कहा कि सीआरपीएफ ने नक्सलवाद से निपटने और पूर्वोत्तर राज्यों तथा जम्मू-कश्मीर में शांति एवं स्थिरता बहाल करने में सराहनीय काम किया है।

सीआरपीएफ प्रमुख ने गृह मंत्री को बल में अनुकंपा नियुक्तियों सहित इसके शहीद जवानों के परिजनों के लिए लागू की जा रहीं विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराया।

शाह ने भाषायी एकता को मजबूत करने के लिए बल के दैनिक कामकाज में हिंदी को बढ़ावा देने के महत्व पर जोर दिया।

जवानों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए ‘श्री अन्न’ (मोटा अनाज) के अधिक से अधिक उपयोग पर जोर देने के साथ ही गृह मंत्री ने जवानों से बेहतर स्वास्थ्य के लिए आयुर्वेद से लाभ उठाने और राष्ट्रीय स्वास्थ्य जागरूकता पहल ‘प्रकृति परीक्षण अभियान’ में भाग लेने का भी आह्वान किया।

बयान में कहा गया कि गृह मंत्री का दौरा राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सीआरपीएफ की प्रतिबद्धता और राष्ट्र निर्माण में इसके बहुमुखी योगदान को सरकार द्वारा महत्व दिए जाने को रेखांकित करता है।

बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन समेत गृह मंत्रालय के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

भाषा नेत्रपाल पवनेश

पवनेश

शीर्ष 5 समाचार