सीएसएस के अधिकारियों की प्रधानमंत्री कार्यालय से मांग, ‘जल्द पूरी की जाए कैडर समीक्षा’
सीएसएस के अधिकारियों की प्रधानमंत्री कार्यालय से मांग, ‘जल्द पूरी की जाए कैडर समीक्षा’
नयी दिल्ली, 19 जून (भाषा) केंद्रीय सचिवालय सेवा (सीएसएस) अधिकारियों के संघ ने शनिवार को समय पर पदोन्नति सुनिश्चित करने के लिए अपनी सेवा की कैडर समीक्षा को जल्द से जल्द अंतिम रूप देने की मांग की।
संघ ने प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव पी. के. मिश्रा को लिखे पत्र में कहा कि चौथी कैडर समीक्षा में साढ़े तीन साल से अधिक की देरी के कारण हर स्तर पर अधिकारियों की करियर प्रगति में गंभीर रुकावट आई है और अधिकारियों के बीच चिंताएं बढ़ रही हैं।
पत्र में बताया गया, ‘‘हम केंद्रीय सचिवालय सेवा की चौथी कैडर समीक्षा को लंबित रखने के मामले में आपके (प्रधानमंत्री कार्यालय के) व्यक्तिगत हस्तक्षेप का विनम्रतापूर्वक अनुरोध करते हैं। इसके लिए कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने अक्टूबर 2022 में एक समिति का गठन किया था।’’
पत्र में कहा गया कि जैसे-जैसे भारत सरकार परिवर्तनकारी शासन के बारह वर्ष पूरे कर रही है और विकसित भारत के विजन की ओर आगे बढ़ रही है, केंद्रीय सचिवालय सेवा विभिन्न मंत्रालयों और विभागों में नीति निर्माण, अंतर-मंत्रालयी समन्वय, क्रियान्वयन और संस्थागत निरंतरता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती आ रही है।
संघ के महासचिव यतेंद्र चंदेला द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया, ‘‘केंद्रीय सचिवालय की प्रशासनिक रीढ़ के रूप में अधिकारी लगातार सरकार के प्रभावी संचालन और उसकी प्रमुख योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में योगदान देते रहे हैं।’’
उन्होंने कहा कि समय पर कैडर पुनर्गठन न केवल अधिकारियों का मनोबल बनाए रखने के लिए जरूरी है, बल्कि शासन की बदलती जरूरतों को पूरा करने में सक्षम, प्रेरित और भविष्य के लिए तैयार कार्यबल सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक है।
संघ ने प्रधानमंत्री कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारी से अनुरोध किया कि इस मामले पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाए और चौथी कैडर समीक्षा को जल्द पूरा कराने में मदद की जाए।
भाषा जितेंद्र सुरेश
सुरेश

Facebook


