कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की तारीख अभी तय नहीं: खरगे

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की तारीख अभी तय नहीं: खरगे

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की तारीख अभी तय नहीं: खरगे
Modified Date: May 1, 2026 / 01:34 pm IST
Published Date: May 1, 2026 1:34 pm IST

कलबुर्गी (कर्नाटक), एक मई (भाषा) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को कहा कि कर्नाटक में संभावित नेतृत्व परिवर्तन पर चर्चा के लिए अभी तक कोई तारीख तय नहीं की गई है।

उनका यह बयान मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के बीच सत्ता संघर्ष को लेकर अटकलों के बीच आया है।

खरगे ने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि नेतृत्व संबंधी कोई भी निर्णय पार्टी के आला कमान द्वारा उचित विचार-विमर्श के बाद सामूहिक रूप से लिया जाएगा।

उन्होंने अपने बयान का गलत अर्थ निकाले जाने के प्रति आगाह भी किया। उन्होंने स्पष्ट किया, “देखिए, हम तीनों मिलकर निर्णय लेंगे- मैं कांग्रेस अध्यक्ष के रूप में, सोनिया गांधी कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख के रूप में और राहुल गांधी लोकसभा में विपक्ष के नेता के रूप में। इसीलिए, हम हमेशा मिलकर काम करते हैं।”

खरगे ने कहा, “जब हम तीनों मिलकर कोई तारीख तय करेंगे, तब निर्णय लेंगे। चूंकि अभी तक कोई तारीख तय नहीं हुई है, तो मैं कैसे कह सकता हूं कि बदलाव हो रहा है या नहीं?”

उन्होंने जोर दिया कि कांग्रेस नेतृत्व किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले परामर्श प्रक्रिया का पालन करता है।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आला कमान में, हम आपस में विस्तृत चर्चा करते हैं और अन्य वरिष्ठ नेताओं से भी सलाह लेते हैं। हम संभावित परिणामों पर विचार करते हैं और फिर उसी के अनुसार कदम उठाते हैं।’’

उन्होंने जोर दिया कि कोई समयसीमा तय नहीं है और ‘‘जब भी ऐसा होगा, मैं आपको जरूर सूचित करूंगा। कृपया इसकी गलत व्याख्या नहीं करें।’’

खरगे ने कहा कि गलतफहमी से बचने के लिए वह अक्सर सार्वजनिक रूप से टिप्पणी करने से बचते हैं।

पार्टी अनुशासन पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय सभी के लिए बाध्यकारी होगा। उन्होंने कहा, ‘‘जो भी निर्णय लिया जाएगा, वह राज्य के हित में होगा, और आला कमान द्वारा लिए गए किसी भी निर्णय का सभी को समर्थन करना होगा।’’

खरगे ने बृहस्पतिवार को कहा था कि कर्नाटक में ‘‘फिलहाल’’ मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई बदलाव नहीं हो रहा है और राज्य में नेतृत्व का मुद्दा जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।

भाषा अविनाश मनीषा

मनीषा


लेखक के बारे में