डीसीडब्ल्यू ने दिल्ली में स्कूली छात्राओं से जुड़े तीन मामलों का स्वतः संज्ञान लिया
डीसीडब्ल्यू ने दिल्ली में स्कूली छात्राओं से जुड़े तीन मामलों का स्वतः संज्ञान लिया
नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) दिल्ली महिला आयोग (डीसीडब्ल्यू) ने नर्सरी में पढ़ने वाली तीन साल की बच्ची के साथ कथित यौन उत्पीड़न, 16 साल की लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म और स्कूल जाने वाली 10 साल की बच्ची की कथित तौर पर सजा के तौर पर धूप में खड़ा रखने से हुई मौत के मामले पर स्वत: संज्ञान लिया है।
डीसीडब्ल्यू की अध्यक्ष लता गुप्ता ने दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार को लिखे एक पत्र में इन तीन मामलों की तेजी से जांच करने की मांग की और पुलिस से कहा कि वह आयोग को यथा संभव सात दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट प्रस्तुत करे।
आयोग ने सलाह दी कि आरोपियों को ‘कठोरतम सज़ा’ दिलाने और पीड़ितों को न्याय सुनिश्चित करने के लिए, भारतीय न्याय संहिता और अन्य संबंधित कानूनों की सख्त धाराओं के तहत मामले दर्ज किए जाएं।
पुलिस ने बताया कि पहला मामला बाहरी-उत्तरी दिल्ली के बवाना इलाके के एक निजी स्कूल में नर्सरी में पढ़ने वाली तीन साल की बच्ची से जुड़ा है, जिसका कथित तौर पर स्कूल बस चालक ने यौन उत्पीड़न किया।
उसने बताया कि आरोपी स्कूल बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि यह घटना 19 अगस्त को तब सामने आई जब लड़की के परिवार वालों ने उसके निजी अंगों में जख्म देखे।
पुलिस ने बताया कि दूसरा मामला इस महीने की शुरुआत में रात को ग्रेटर नोएडा में बस में सवार हुई 16-वर्षीय किशोरी के साथ चालक और परिचालक द्वारा कथित तौर पर सामूहिक दुष्कर्म का है। आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने के बाद पीड़िता को ग्रेटर नोएडा से करीब 40 किलोमीटर दूर कश्मीरी गेट पर छोड़ दिया।
उसने बताया कि मामले में कानपुर निवासी एवं बस चालक कुलदीप (39) और परिचालक संदीप (26) को चार अगस्त को उत्तरी दिल्ली के तिमारपुर में एक पार्किंग से गिरफ्तार किया गया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीसरा मामला पूर्वी दिल्ली के विनोद नगर के एक सरकारी स्कूल में पढ़ने वाली 10 साल की बच्ची का है, जिसकी पिछले हफ्ते इलाज के दौरान मौत हो गई। उसके परिवार का आरोप है कि स्कूल में किताब न लाने की सजा के तौर पर उसे धूप में खड़ा किया गया था।
सूत्रों के अनुसार, यह घटना 27 अगस्त को सर्वोदय कन्या विद्यालय में हुई।
भाषा धीरज सुरेश
सुरेश

Facebook


