दिल्ली में 77 जल निकायों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करेगा डीडीए
दिल्ली में 77 जल निकायों के जीर्णोद्धार का कार्य शुरू करेगा डीडीए
नयी दिल्ली, नौ मई (भाषा) दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) राजधानी में स्थित 77 जल निकायों के कायाकल्प का कार्य तत्काल शुरू करेगा जिनमें से छह का अगले 30 दिन के भीतर पुनरुद्धार करने करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।
डीडीए अधिकारियों के अनुसार, चरणबद्ध कायाकल्प योजना के तहत 48 छोटे जल निकायों का जीर्णोद्धार 60 दिनों के भीतर और 23 बड़े जल निकायों का जीर्णोद्धार 90 दिनों के भीतर पूरा होने की उम्मीद है।
अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू ने डीडीए अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान जीर्णोद्धार योजना की समीक्षा की और निर्देश दिया कि कार्य में कोई देरी नहीं हो और समय-सीमा का सख्ती से पालन किया जाए।
इस अभियान का उद्देश्य अतिक्रमण और रखरखाव की कमी के कारण वर्षों से खराब हो चुकी झीलों, तालाबों और अन्य जल निकायों को नया स्वरूप देना है।
डीडीए के अधिकारियों ने बताया, ‘‘पहले चरण में जल निकासी, खुदाई और गाद हटाने के साथ-साथ जल संग्रहण क्षेत्रों की सफाई करके ऐसे जल निकायों का पुनरुद्धार किया जाएगा जो या तो सूख चुके हैं या सूखने की कगार पर हैं, ताकि अधिकतम वर्षा जल संचयन सुनिश्चित किया जा सके।’’
भाषा सुरभि पवनेश
पवनेश

Facebook


