विरुधुनगर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के कारण जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 25 हुई
विरुधुनगर में पटाखा फैक्टरी में विस्फोट के कारण जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 25 हुई
विरुधुनगर, 20 अप्रैल (भाषा) कत्तनरपत्ती के पास एक पटाखा फैक्टरी में हुए भीषण विस्फोट के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 25 हो गई है। पुलिस ने सोमवार को बताया कि अधिकांश शव इतनी बुरी तरह जल चुके हैं कि उनकी पहचान करना बेहद मुश्किल हो रहा है।
हादसा हाल के वर्षों में क्षेत्र की सबसे घातक औद्योगिक दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है।
पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, “शव इतने अधिक जल चुके हैं कि पहचान मुख्यतः मृतकों द्वारा पहने जेवरों के आधार पर ही की जा सकी है।”
उन्होंने कहा कि पहचान को लेकर अनिश्चितता के कारण परिजनों ने अब तक शवों पर दावा नहीं किया है।
पुलिस के अनुसार, फैक्टरी मालिक मुथुमणिकम फरार है। यह दुर्घटना ‘वनजा’ पटाखा इकाई में हुई, जो वाचकारपत्ती थाना क्षेत्र में स्थित है।
बताया गया है कि इस इकाई को पेट्रोलियम एवं विस्फोटक सुरक्षा संगठन (पीईएसओ), नागपुर से लाइसेंस प्राप्त था।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, 25 मृतकों में 22 महिलाएं और तीन पुरुष शामिल हैं।
भाषा जोहेब वैभव
वैभव

Facebook


