नगालैंड में बाढ़ और भूस्खलन से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई, चार अब भी लापता
नगालैंड में बाढ़ और भूस्खलन से जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर नौ हुई, चार अब भी लापता
कोहिमा, 21 जुलाई (भाषा) नगालैंड के मोन जिले में लगातार हो रही बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन में मरने वालों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। राज्य सरकार की एक रिपोर्ट के अनुसार, मंगलवार को जारी तलाश एवं बचाव अभियान के दौरान पांच शव बरामद किए गए, जबकि चार लोग अब भी लापता हैं।
इलाके में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। इससे बुनियादी ढांचे, कृषि भूमि और सार्वजनिक संसाधनों को भारी नुकसान पहुंचा है।
अधिकारियों ने आकलन जारी रहने के साथ नुकसान का दायरा और बढ़ने की आशंका जताई है।
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरणों की प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, बारिश के कारण राज्यभर में कम से कम 7,460 लोग प्रभावित हुए हैं।
नगालैंड आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की रिपोर्ट के अनुसार, इस आपदा से सबसे अधिक मोन जिला प्रभावित हुआ है, जहां भूस्खलन में नौ लोगों की मौत हुई है। इनमें से पांच लोग मोन शहर के शांथम वार्ड में मारे गए हैं।
रिपोर्ट में कहा गया है कि नागिनीमोरा में अचानक आई बाढ़ में बहे चार लोगों को बचा लिया गया है।
इसके मुताबिक, चार लोग अब भी लापता हैं और उनकी तलाश के लिए बचाव अभियान जारी है।
भाषा प्रचेता मनीषा
मनीषा

Facebook


