कोलकाता गोदाम हादसे में मृतक संख्या बढ़कर 10 हुई, खोज के लिए सेना ले रही रडार की मदद
कोलकाता गोदाम हादसे में मृतक संख्या बढ़कर 10 हुई, खोज के लिए सेना ले रही रडार की मदद
( तस्वीरों सहित )
कोलकाता, 25 जून (भाषा) कोलकाता के दक्षिणी हिस्से के तारातला इलाके में गोदाम ढहने की घटना में जान गंवाने वालों की संख्या बृहस्पतिवार को बढ़कर 10 हो गई। घटना के करीब 21 घंटे बाद भी बचाव दल, सेना की उन्नत ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (जीपीआर) प्रणाली की सहायता से, मलबे में गहन तलाश अभियान चला रहे हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
बचाव अभियान से जुड़े सूत्रों के अनुसार, सुबह मलबे से पांच और लोगों को सुरक्षित निकाला गया, जिसके बाद मलबे से बाहर निकाले गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 30 हो गई।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान कृष्णा चौधरी (30), रोहित चौधरी (40), राहुल चौधरी (17), चंद्रमा चौधरी (60), पप्पू रजक (40), असगर हुसैन (55), साहिल सरदार (17) और घी कुमार (17) के रूप में हुई है, जबकि दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
यह गोदाम शहर में श्यामा प्रसाद मुखर्जी पोर्ट के स्वामित्व वाली पट्टे पर दी गई भूमि पर बनाया जा रहा था।
घायलों का इलाज कर रहे एसएसकेएम अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, बृहस्पतिवार सुबह एक और व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
अधिकारियों ने बताया कि सभी पीड़ितों का विवरण जुटाने और उनकी आधिकारिक पुष्टि करने के प्रयास जारी हैं।
राहत और बचाव कार्य पूरी रात जारी रहा और इसकी निगरानी स्वास्थ्य सचिव नारायण स्वरूप निगम, कोलकाता पुलिस आयुक्त अजय नंदा तथा कोलकाता नगर निगम आयुक्त स्मिता पांडेय सहित राज्य सरकार और नागरिक प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने की।
कोलकाता नगर निगम (केएमसी) के अधिकारी भी मौके पर मौजूद रहे।
राज्य सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए उपलब्ध सभी संसाधनों का उपयोग किया जा रहा है।
अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘बचाव अभियान युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है। संभावित जीवित लोगों का पता लगाने के लिए सेना के ग्राउंड पेनिट्रेटिंग रडार (जीपीआर), कैमरों और अन्य विशेष उपकरणों सहित उन्नत संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। हमारी प्राथमिकता लोगों की जान बचाना और घायलों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराना है।’’
मलबे में दबे लोगों का पता लगाने के लिए बचाव दल कैमरे भी इस्तेमाल कर रहे हैं। इसके साथ ही, जिन लोगों के मोबाइल फोन अब भी सक्रिय हैं, उनकी स्थिति का पता लगाने के लिए मोबाइल फोन टावर के आंकड़ों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बचाए गए 19 लोगों का इलाज एसएसकेएम अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
अधिकारियों ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में अब तक कम से कम पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें गोदाम के मालिक शंभूनाथ बेहरा, संरचनात्मक अभियंता कमल सामंत, गुलजार हुसैन, दिबाकर भंडारी तथा अब्दुल हमीद शामिल हैं।
कोलकाता पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ स्वतः संज्ञान लेते हुए गैर-इरादतन हत्या तथा अन्य संबंधित धाराओं के तहत एक प्राथमिकी दर्ज की है।
भाषा तान्या मनीषा
मनीषा

Facebook


