मप्र के धार में वैन-एसयूवी की टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हुई

मप्र के धार में वैन-एसयूवी की टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हुई

मप्र के धार में वैन-एसयूवी की टक्कर में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हुई
Modified Date: April 30, 2026 / 03:19 pm IST
Published Date: April 30, 2026 3:19 pm IST

(फोटो के साथ)

धार (मध्यप्रदेश), 30 अप्रैल (भाषा) मध्यप्रदेश के धार जिले में पिकअप वैन और एसयूवी की टक्कर में मरने वालों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है। अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि मजदूरों को लेकर जा रही वैन बुधवार रात इंदौर-अहमदाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर चिकलिया चौराहे के पास पलट गई और सामने से आ रही एसयूवी से टकरा गई।

उन्होंने बताया कि हादसे के बाद पहले 12 लोगों की मौत की खबर आई थी, लेकिन बाद में चार और घायलों ने दम तोड़ दिया, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है।

इंदौर संभाग के आयुक्त डॉ. सुदाम पी. खाड़े ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘धार में बहुत दुखद घटना हुई है। जानकारी मिली कि पिकअप वाहन में 46 लोग (अधिकतर मजदूर) सवार थे। वाहन पलटने से दुर्घटना हुई। 15 लोगों की मौत की सूचना मिली थी।’’

बाद में एक और घायल की मौत की पुष्टि धार जिला अस्पताल के सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन ने की।

खाड़े ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में कोई कमी न रहे और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि सात घायलों को इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है, जबकि 15 लोगों का उपचार स्थानीय स्तर पर जारी है और उनकी हालत फिलहाल स्थिर है।

यह हादसा बुधवार रात करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हुआ। मजदूर धार जिले के बग्गड़ से अपने घर लौट रहे थे, तभी चालक ने चिकलिया चौराहे के पास वाहन पर नियंत्रण खो दिया।

तिरला थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री मोदी ने घटना पर शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री यादव ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक-एक लाख रुपये और अन्य घायलों को 50-50 हजार रुपये देने के निर्देश दिए हैं।

जिले के प्रभारी मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने भी घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं, जबकि नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने घटना पर शोक व्यक्त किया है।

भाषा सं दिमो मनीषा सुरभि

सुरभि


लेखक के बारे में