गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद दीपक नंदाल गिरोह का शूटर गिरफ्तार

गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद दीपक नंदाल गिरोह का शूटर गिरफ्तार

गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद दीपक नंदाल गिरोह का शूटर गिरफ्तार
Modified Date: April 14, 2026 / 07:16 pm IST
Published Date: April 14, 2026 7:16 pm IST

गुरुग्राम, 14 अप्रैल (भाषा) गुरुग्राम के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने प्रसिद्ध फैशन डिजाइनर मयंक चावला के शोरूम पर हुई गोलीबारी की घटना के संबंध में, मंगलवार तड़के हुई एक मुठभेड़ के बाद दीपक नांदल गिरोह के एक शूटर को गिरफ्तार कर लिया है। एसटीएफ के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि शूटर की पहचान सोनीपत जिले के जाजल गांव निवासी नीलेश उर्फ ढीला के रूप में हुई है और मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी है।

एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि नीलेश की गिरफ्तारी और पूछताछ से गिरोह की कई योजनाओं का खुलासा होने की उम्मीद है।

अधिकारी ने बताया कि विदेश में रहने वाले गैंगस्टर दीपक नंदाल ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए शोरूम में हुई गोलीबारी की जिम्मेदारी ली थी।

नीलेश इस मामले में गिरफ्तार किया गया पांचवां आरोपी है। इससे पहले एसटीएफ ने बहादुरगढ़ से तीन शूटरों को गिरफ्तार किया था, जबकि गुरुग्राम पुलिस ने एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया था।

एसटीएफ को मंगलवार सुबह सूचना मिली थी कि फरीदाबाद रोड पर बंधवाड़ी फ्लाईओवर के पास एक शूटर मौजूद है।

एसटीएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “तड़के पुलिस ने एक मोटरसाइकिल सवार को रुकने का इशारा किया, लेकिन उसने पुलिस दल पर गोली चलाकर भागने की कोशिश की। इसी दौरान एक गोली एसटीएफ के उप निरीक्षक विवेक और दूसरी गोली विकास की बुलेटप्रुफ जैकेट में लगी। दोनों ही सुरक्षित बच गए।’

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के बाद आरोपी नीलेश के एक पैर में गोली लग गयी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। उसके पास से एक मोटरसाइकिल और एक अवैध हथियार बरामद किया गया है।

अधिकारी ने कहा, ‘वह दीपक नंदाल गिरोह का सक्रिय शूटर है और अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उससे पूछताछ की जाएगी।’

एसटीएफ के अधिकारियों ने कहा कि दीपक नंदाल गिरोह गुरुग्राम और आसपास के इलाकों में गोलीबारी, जबरन वसूली और अन्य आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से शामिल रहा है।

भाषा प्रचेता दिलीप

दिलीप


लेखक के बारे में