देहरादून: इंजीनियरिंग के छात्र की हत्या के सात फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रु. का ईनाम घोषित

देहरादून: इंजीनियरिंग के छात्र की हत्या के सात फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रु. का ईनाम घोषित

देहरादून: इंजीनियरिंग के छात्र की हत्या के सात फरार आरोपियों पर 25-25 हजार रु. का ईनाम घोषित
Modified Date: March 29, 2026 / 05:50 pm IST
Published Date: March 29, 2026 5:50 pm IST

देहरादून, 29 मार्च (भाषा) देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में पिछले सप्ताह झगड़े और मारपीट की घटना में इंजीनियरिंग के एक छात्र की मृत्यु के मामले में फरार सात आरोपियों पर रविवार को 25-25 हजार रुपये का ईनाम घोषित किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस ने यहां बताया कि क्षेत्र के केहरी गांव में 23 मार्च की रात को हुई घटना से जुड़े सभी सात आरोपी बिहार के रहने वाले हैं । उसने बताया कि सभी आरोपियों के विरुद्ध न्यायालय से गैर-जमाानती वारंट हासिल कर लिये गए हैं।

पुलिस के अनुसार, देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सभी वांछित आरोपियों पर 25—25 हजार रुपये का ईनाम घोषित कर दिया है ।

आरोपियों की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण के रहने वाले ऋतिक राज, नवादा के प्रह्लाद राज, गोपालपुर के अंकुर तथा पटना निवासी शांतनु कुमार, उज्ज्वल सिंह, आदित्य राज एवं विनीत राज के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, प्रेमनगर क्षेत्र के एक निजी विश्वविद्यालय में पढ़ने वाले छात्रों के दो गुटों के बीच कथित तौर पर वर्चस्व को लेकर हुए संघर्ष में उत्तर प्रदेश के मुजफ़्फ़रनगर का रहने वाला 22-वर्षीय दिव्यांशु जाटराणा गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में दून अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी थी।

पुलिस ने बताया कि घटना के संबंध में मृतक के परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए चार आरोपियों को पहले ही गिरफ़्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

उसने बताया कि गिरफ़्तार आरोपियों से पूछताछ तथा सीसीटीवी फुटेज से मिली जानकारी के आधार पर सात अन्य आरोपियों के नाम सामने आए।

पुलिस के मुताबिक, इन सभी आरोपियों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है ।

भाषा दीप्ति सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में