नयी दिल्ली, तीन मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने रविवार को राष्ट्रीय राजधानी के विवेक विहार इलाके में एक आवासीय इमारत में लगी आग में नौ लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया।
सचदेवा ने कहा कि प्रभावित परिवारों के लिए यह एक अपूरणीय क्षति है।
अधिकारियों ने बताया कि रविवार तड़के विवेक विहार फेज-1 स्थित एक रिहायशी इमारत में लगी आग में एक बच्चे सहित कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई।
आग इमारत की दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल के फ्लैट में फैल गई। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अब तक पता नहीं चल पाया है।
केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा, स्थानीय विधायक संजय गोयल, पार्षद पंकज लूथरा और भाजपा की शाहदरा जिला इकाई के अध्यक्ष दीपक गाबा के साथ सचदेवा सुबह करीब 10 बजे शोक संतप्त परिवारों से मिले और सत्तारूढ़ पार्टी की ओर से उन्हें संवेदना व्यक्त की।
भाजपा नेता ने कहा कि गोयल सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गए और बचाव अभियान की निगरानी करते हुए 18 से 20 लोगों की जान बचाने में मदद की।
मल्होत्रा ने पत्रकारों से कहा कि यह घटना बेहद दुखद है।
दमकल कर्मियों और पुलिस कर्मियों की त्वरित प्रतिक्रिया की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समय रहते उनकी कार्रवाई के कारण लगभग 20 लोगों को बचाया जा सका।
भाषा सुरभि दिलीप
दिलीप