दिल्ली: महिला यात्री का सामान चोरी करने के आरोप में कैब चालक गिरफ्तार
दिल्ली: महिला यात्री का सामान चोरी करने के आरोप में कैब चालक गिरफ्तार
नयी दिल्ली, 24 मई (भाषा) दिल्ली में गुरुद्वारा बंगला साहिब के निकट एक महिला यात्री को छोड़ने के बाद उसका सामान लेकर भागने के आरोप में 31 वर्षीय कैब चालक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि संसद मार्ग पुलिस ने लगभग 100 सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण और कई स्थानों पर छापेमारी के बाद जितेंद्र सिंह उर्फ अनुज को गिरफ्तार किया और उससे चोरी की गई वस्तुएं बरामद कीं।
पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल को तब हुई जब पश्चिम पटेल नगर निवासी शिकायतकर्ता ने गुरुद्वारा बंगला साहिब जाने के लिए ओला कैब बुक की। कैब से उतरने के बाद, चालक कथित तौर पर उनके निजी सामान से भरा ट्रॉली बैग लेकर भाग गया।
पुलिस ने बताया कि संसद मार्ग थाने में प्राथमिकी दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू की गई। इसने बताया कि आरोपी को शनिवार को गिरफ्तार किया गया और पूछताछ के दौरान उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
भाषा धीरज देवेंद्र
देवेंद्र

Facebook


